
प्रियदर्शिनी ने बताई क्षेत्र के लिए अपने पति की मेहनत
प्रियदर्शिनी ने बताई क्षेत्र के लिए अपने पति की मेहनत
खोड़। शिवपुरी विधानसभा के ग्राम खोड़ में सोमवार को भाजपा लोकसभा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया का नारी मातृशक्ति सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें प्रियदर्शनी ने कहा कि महाराज (पति ज्योतिरादित्य सिंधिया) ने आप लोगों के लिए कितना पसीना बहाया और आपने भी उन्हें उतना ही प्यार दिया।
खोड़ में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचीं प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने सबसे पहले पार्टी के पितृ पुरुषों के छायाचित्र पर पुष्पांजलि व द्वीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें नमन किया। तत्पश्चात महिलाओं ने प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित हुई दर्जनों महिलाओं ने अपनी समस्याओं के आवेदन भी उन्हें दिए। प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने मंच के आगे वाले छोर पर बैठकर अपने सम्बोधन में कहा है कि महाराज के हाथ आपके लिए हैं, आप ताकतवर नही बनाएंगे, फिर काम कैसे होगा। हम बीस साल पहले आठ-नौ घंटे में पैदल चल कर आते थे, तब सडक़ें नहीं थीं और न स्कूल, न अस्पताल हुआ करते थ।े जब उन्होंने आपके लिए पसीना बहाया और आपका प्यार मिला, तो यह सभी सुविधाएं मिल गईं। उन्होंने महिलाओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं के मातृशक्ति सम्मेलन में पुरुष नेताओं ने बिगाड़ा माहौल
पिछोर। खोड़ के बाद पिछोर पहुंचीं प्रियदर्शनी राजे सिंधिया पिछोर के एक निजी मैरिज गार्डन में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम में मंच संचालक के अनुसार मुख्य तौर पर मातृशक्ति या महिलाओं के लिए ही यह कार्यक्रम था, लेकिन लेकिन यहां भी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया से अपनी पहचान-परख बनाने की होड़ में पुरुष नेता मंच पर पहुंच गए। इतना ही नहीं कुछ ने सेल्फी ली तो कुछ व्यक्तिगत मिलने पहुंच गए। जबकि कार्यक्रम से पूर्व हुई एक बैठक में यह निर्देश भी दिए गए थे कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से महिलाओं का ही होगा, जिसमें संचालन से लेकर मंच और सभी व्यवस्थाएं महिलाएं ही देखेंगी। पुरुष कार्यक्रम स्थल के बाहर रहेेंगे, लेकिन यहां मंच पर आकर पुरुषों ने व्यवस्थाओं को बिगाड़ दिया। कार्यक्रम में प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने कहा कि मैं हर चुनाव में आती हूं और मुझे बहुत दुख होता है, क्योंकि महिलाएं पीछे रह जाती हैं। कोई महिलाएं काम के लिए तो कोई खाना पकाने के लिए रह जाती हैं, मत डालने के लिए नहीं पहुंच पाती हैं। आज सेल्फी बहुत लोगों ने ली, जिसके लिए एक बटन दबाना पड़ता है, वहीं मत डालने के लिए भी एक बटन दबाना पड़ता है। आपको लगता होगा कि अब चुनाव आ गए, तो यह लोग भी आ गए। हम चुनाव में इसलिए आपको याद दिलाने आते हैं कि जो रास्ता आप चल कर आए हो, वह किसने बनाया, जिस विद्यालय, अस्पताल आप जाते हो वह किसने बनाया।
Published on:
4 Apr 2024, 1:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.