
आधी रात को मौत बनकर सडक़ पर दौड़ा गेहूं से भरा ट्रक, 3 बाराती घायल
शिवपुरी/करैरा.जिले के करैरा कस्बे में शनिवार की रात गेहूंू से भरा एक ट्रक मौत बनकर सडक़ पर दौड़ता नजर आया। ट्रक के सामने जो भी आया, ट्रक उसे रौंदता हुआ आगे चला गया। बाद में एक दुकान में जाकर घुसने के बाद ट्रक रुक गया। इस पूरे घटनाक्रम में एक कार, एक गुमठी सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया, साथ ही रोड किनारे जा रहे बारातियों में से तीन बाराती भी गंभीर घायल हो गए। घटना के पीछे कारण ट्रक के ब्रेक फेल होना बताया गया है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी विष्णु गुप्ता व राजू झा ने बताया कि बीती रात करैरा नगर में स्थित पुलिस सहायता केन्द्र से एक गेहूं से भरे ट्रक के रात करीब 11 बजे ब्रेक फेल हो गए और ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने रोड किनारे खड़ी एक कार में तेजी से टक्कर मारी जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद ट्रक ने एक चाय के ठेले को अपना निशाना बनाया और उस ठेले को ट्रक करीब 500 मीटर दूर तक घसीटता ले गया। इसी दौरान रोड किनारे दो बारातें निकल रही थी और ट्रक चालक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन फिर भी तीन बाराती रोहित पुत्र मंशाराम गुप्ता निवासी दिनारा सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, इसके बाद ट्रक एक दुकान में जा घुसा। घायलों को पहले करैरा फिर झांसी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में मौके से फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हैं।
ओवरलोड था ट्रक
बताया जा रहा हैं कि ट्रक झांसी की तरफ से शिवपुरी जा रहा था। ट्रक में गेहूं लदा हुआ था। नियम के मुताबिक ट्रक में 11 टन ही माल होना चाहिए था, लेकिन उसमें 20 टन से अधिक माल भरा था। जब ट्रक के ब्रेक फेल हुए तो ओवरलोड होने के कारण चालक वाहन पर संतुलन नहीं रख पाया और यह हादसा हो गया।
Published on:
10 Jun 2019 06:00 am
