10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कार्टून पर लिखे मोबाइल नंबर से पुलिस ने खोला हत्या का राज

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिल की थी पति की हत्या उप्र में हत्या कर दिनारा थाना क्षेत्र में कार्टून में रखकर फेंकी लाश
2 min read
Google source verification
Murder, spouse, boyfriend, crime, police action, shivpuri, shivpuri news, , shivpuri news in mp

कार्टून पर लिखे मोबाइल नंबर से पुलिस ने खोला हत्या का राज

शिवपुरी. जिले के दिनारा थाना अंतर्गत ग्राम बरकुआं रोड किनारे खाई में 18 जून 2018 को एक कार्टून में बंद एक युवक की लाश पुलिस को पड़ी मिली। मृतक के गले, छाती, पेट व कमर में धारदार हथियार की चोट मिलीं, जबकि हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो जिस कार्टून में लाश फेंकी गई, उस पर लिखा एक मोबाइल नंबर इस मामले के पर्दाफाश में महत्वपूर्ण क्लू रहा।


विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्टून पर लिखे मिले मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवा कर संबंधितों से संपर्क कर पूछताछ की तो यह नंबर सोनू नाम के व्यक्ति ने कार्टून पर लिखा था तथा सोनू रेल्वे स्टेशन झांसी के किसी स्टॉल पर काम करता है। पुलिस ने सोनू से पूछताछ की तो उसने नंबर लिखना तो स्वीकार किया लेकिन मृत व्यक्ति को नहीं जाननेकी बात कही। इसके बाद थाना प्रभारी दिनारा केएन शर्मा द्वारा उस क्षेत्र में गुम व्यक्तियों के बारे में पड़ताल की तो पता चला कि रिन्कू शर्मा नाम का व्यक्ति काफी समय से लापता है। परिजनों ने शव की शिनाख्त रिंकू के रूप में की।

इसके बाद पुलिस को विवेचना के दौरान पता चला कि मृतक रिन्कू के घर पर अरमान खान नाम के व्यक्ति का आना जाना है। पुलिस ने जब अरमान से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने मृतक की पत्नी के साथ मिलकर हत्या करना कबूल कर लिया। मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो उसने भी अरमान के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। दिनारा टीम की इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर ने 10 हजार रुपए के पुरस्कार देने की घोषणा की।


हत्या के बाद सुबह लगाया शव ठिकाने
थाना प्रभारी दिनारा केएन शर्मा ने बताया कि हत्या का आरोपी अरमान की झांसी में बेकरी की दुकान है। जिस कार्टून में लाश फेंकी गई, उस पर कुछ कलर के धब्बे थे और वो ही रंग अरमान की बेकरी में किया गया है। इतना ही नहीं कमरे में रखे दीवान पलंग के अंदर एक जगह जमा खून भी मिला है, जिसे पुलिस ने जांच में ले लिया। शर्मा ने बताया कि रिंकू की हत्या करने के बाद उसे बोरी में बंद कर दीवान पलंग के अंदर रखा था, जिस पर रात भर सोने के बाद अगली रात में उसे ठिकाने लगाने के लिए दिनारा थाना क्षेत्र में लाश को फेंका गया।