सीधी। दीपावली का त्योहार खुशियों और उमंगों का समय है। लेकिन, कई लोग ऐसे हैं जिनके लिए यह दिन विशेष नहीं होता। इस दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाते हुए पत्रिका ने जरूरतमंदों के चेहरे पर लाएं खुशी अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत दीपावली तक अनाथ, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों की दीपावली को खुशियों से भरने के लिए विशेष सामग्री वितरित की जा रही है। बुधवार को सीधी जिले में इस अभियान का आगाज हुआ। इस खास अवसर पर पत्रिका और इंद्रवती नाट्य समिति के सदस्यों ने विवेकानंद विकलांग आश्रम अधियारखोह जमोड़ी पहुंचकर दिव्यांग बच्चों को मिठाई, समोसा, केला व चित्रकारी के लिए ड्राइंग सीट व कलर वितरित किये।
वितरण के दौरान दिव्यांग बच्चों की आंखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान देखकर यह स्पष्ट था कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास भी उनके लिए कितने मायने रखते हैं। अभियान के माध्यम से गरीब बच्चों के साथ दीपावली की खुशियों को साझा करते हुए पत्रिका ने संदेश दिया है कि असली खुशी तब होती है जब हम दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं।
इशारों में स्वागत और अभिवादन-
आश्रम में सामग्री वितरण करने पहुंचे इंद्रवती नाट्य समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों का आश्रम के दिव्यांग बच्चों ने विशिष्ट तरीके से हाथ हिलाकर स्वागत व अभिवादन किया, साथ ही अंत में इशारों में खुशी का इजहार करते हुए आभार जताया।
संरक्षक का मनाया जन्मदिन-
इंद्रवती नाट्य समिति के संरक्षक डॉ.अनूप मिश्रा का बुधवार को जन्मदिन भी था। आश्रम प्रबंधन व बच्चों को जब इसकी जानकारी हुई तो उनके द्वारा आश्रम में ही केक काटकर उनका जन्मदिन मनाते हुए बधाई दी गई। इस अवसर पर समिति के संरक्षक डॉ.अनूप मिश्रा, सचिव नीरज कुंदेर, रोशनी प्रसाद मिश्रा, रजनीश जायसवाल, जनपद उपाध्यक्ष सीधी सुमन ङ्क्षसह, अजीत सिंह लल्ला, बम्फोर्ट सिंह, वैष्णवी मिश्रा, आश्रम संचालक जेएन पांडेय सहित आश्रम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
पत्रिका द्वारा समय-समय पर सामाजिक सारोकार के अभियान चलाए जाते हैं। दीपावली के पर्व पर चलाया जा रहा यह अभियान बहुत ही सराहनीय है। हमने पत्रिका अभियान से जुडक़र विवेकानंद विकलांग आश्रम के बच्चों को ड्राइंग सीट, कलर, मिठाई व फल का वितरण किया। ऐसा करने के बाद बहुत अच्छा लगा।
डॉ.अनूप मिश्रा, संरक्षक
दिव्यांग बच्चों के लिए दीपावली के पावन पर्व पर छोटा सा सहयोग करके काफी खुशी महसूस हुई। यह अवसर पत्रिका के अभियान ने दिया। दिव्यांग बच्चे भी काफी खुश हुए। उनकी मुस्कान ने दिल जीत लिया।
नीरज कुंदेर, सचिव
पत्रिका द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान बहुत ही सराहनीय है। आज इंद्रवती नाट्य समिति ने आश्रम में आकर बच्चों को दीपावली का उपहार भेंट किया। बच्चे उपहार व मिठाइयां पाकर काफी खुश हुए। हमें भी बहुत अच्छा लगा।
जेएन पांडेय, संचालक विवेकानंद विकलांग आश्रम