
सीधी पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि माताएं, बहनें सशक्त होंगी तो परिवार सशक्त होगा। परिवार से प्रदेश और प्रदेश से देश सशक्त होगा। वे चुरहट विधानसभा क्षेत्र के लहिया में विकास यात्रा को संबोधित कर रहे थे। यहां सीएम ने बहनों से आह्वान किया कि वे हर गांव में 'लाड़ली बहना सेना' का गठन करें और बहनों को अपने अधिकार, लाड़ली लक्ष्मी योजना 2 और लाड़ली बहना योजना के लिए पंजीकृत करवाएं।
संसाधनों पर सबका हक
मुख्यमंत्री ने कहा, संसाधनों पर सबका बराबर का हक है। प्रदेश में सभी को रहने के लिए जमीन का हक है, जिसमें वे मकान बनवा सकें। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान दिए जा रहे हैं। जरूरतमंदों को जमीनों का पट्टा भी उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरा सबके लिए भोजन है, जिसके लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण के तहत सबको मुफ्त में अनाज बांटा जा रहा है।
इसके बाद नागरिकों को इलाज का अधिकार देने की प्राथमिकता है, जिसको हम आयुष्मान भारत के तहत उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा, योजना के तहत अब हर योग्य बहना को हर महीने 1000 रुपए प्रतिमाह दिया जाएगा। उन्होंने वृद्धा पेंशन को 1000 रुपए प्रतिमाह करने की घोषणा की।
जून में खाते में भेजी जाएगी राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 5 मार्च को मातृशक्ति सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता, लाड़ली बहना सेना के लोग जगह-जगह शिविर लगाकर लाड़ली लक्ष्मी 2 और लाड़ली बहना में लाभार्थियों का पंजीयन करवाने में मदद करेंगे। अप्रैल में आवेदन पत्रों की जांच होगी और 10 जून से सभी लाभार्थियों के बैंक में सहायता राशि आने लगेगी।
Published on:
17 Feb 2023 09:47 pm
