
मध्य प्रदेश में शुक्रवार शनिवार की दरमियानी हुए एक सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस मामले में सीधी प्रशासन की ओर से ऐसी बेशर्मी दिखाई गई, जिसके बारे में सुनते ही आपका भी खून खौल उठेगा। ज्ञात हो कि इस हादसे में 62 से अधिक लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दरअसल गृहमंत्री अमित शाह के सतना में हुए कार्यक्रम से लौट रही बसें रात में हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में मोहनिया घाटी के पास खड़ी दो बसों को एक बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी, वहीं एक अन्य बस भी इनसे आ टकराई।
वहीं इस पूरे मामले में सीधी प्रशासन की बेशर्मी के चलते एक शर्मनाक करतूत सामने आई है, जिसके तहत मोहनिया घाटी में बस हादसे में मारे गए लोगों के शवों को लाने के लिए सीधी प्रशासन की ओर से नगर निगम की कचरा गाड़ी को भेजा गया। इस कचरा वाहन का वीडियो भी सामने आ गया है। जिससे यहां आने पर शवों को उतारा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बसें सतना से रामपुर बघेलान और रीवा के बीच के मोहनिया टनल से होकर सीधी जा रही थी। चुरहट थाना क्षेत्र में बरखड़ा गांव के पास दो बसों के कुछ यात्री चाय-नाश्ता के लिए रुके थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक टायर फट जाने से अनियंत्रित हो गया और दोनों बसों से जा टकराया। इस बीच एक अन्य बस भी इनसे आ टकराई।
ज्ञात हो कि बेकाबू ट्रक की टक्कर के बाद यात्री बसें पलट गईं। घटना के बाद बस में यात्रा कर रहे पणखुरी सत्तरी के रहने वाले अशोक कूल पुत्र नवरंगी ने बताया था कि टनल के पास दो बसें खड़ी हुई थीं। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बसों को जोरदार टक्कर मार दी। कई यात्रियों की मौतें हो गईं जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुछ लोग बेहोश भी हो गए।
शोक संवेदना व्यक्त की
घटना की जानकारी सामने आने पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के इलाज का समुचित प्रबंध करने की भी बात कही है।
वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। कमलनाथ ने ट्वीट किया कि दिवंगत आत्माओं को भगवान अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करे।
इससे पहले सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात करीब 11 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुए। इस दौरान वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ रात करीब 12.28 बजे मौके पर पहुंचे। सीएम ने सभी घायलों का अच्छे से इलाज करने का निर्देेश दिया।
Published on:
25 Feb 2023 04:22 pm
बड़ी खबरें
View Allसीधी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
