21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

25 हजार नए पदों की घोषणा, बदलेगा भर्तियों का कलैण्डर

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Ajay Sharma

Mar 05, 2026

प्लेसमेंट कैम्प 12 मार्च को (photo source- Patrika)

प्लेसमेंट कैम्प 12 मार्च को (photo source- Patrika)

सीकर. राज्य सरकार की ओर से इस साल एक लाख के बजाय सवा लाख पदों पर भर्तियों की घोषणा की है। 25 हजार नए पदों की घोषणा के बाद शिक्षा व चिकित्सा विभाग की भर्तियों की तैयारी में जुटे युवाओं को भी पद बढ़ोतरी का तोहफा मिल सकता है। शिक्षा विभाग में व्याख्याता, वरिष्ठ अध्यापक व तृतीय श्रेणी शिक्षकों के काफी कम पद होने की वजह से युवाओं की ओर से पद बढ़ोतरी की मांग की जा रही थी। सरकार के अब सवा लाख पद किए जाने से युवाओं को नई भर्तियों के साथ पुरानी भर्तियों में पद बढ़ोतरी की मांग पूरी होने की आस जगी है। नई घोषणा से इस साल भर्तियों का कलैण्डर भी संशोधित होना तय है।

नए सिरे से जारी होगा कलैण्डर

सरकार की ओर से युवा दिवस के मौके पर एक लाख भर्तियों का कलैण्डर जारी कर दिया था। अब 25 हजार और पदों की घोषणा के बाद कलैण्डर भी संशोधित होगा। युवाओं का कहना है कि सरकार को जल्द नए सिरे से कलैण्डर जारी करना चाहिए जिससे तैयारी के लिए ज्यादा मौका मिल सके।

अगले तीन महीनों में यह होनी है परीक्षा

मार्च में सहायक अभियंता संयुक्त भर्ती की मुख्य परीक्षा, अप्रेल में उप निरीक्षक पुलिस परीक्षा, कृषि पर्यवेक्षक भर्ती, पशु चिकित्सक अधिकारी भर्ती, सहायक कृषि अभियंता भर्ती की परीक्षाएं होनी है। मई-जून में प्रयोगशाला सहायक, व्याख्याता, व्याख्याता कृषि एवं कोच संयुक्त भर्ती, राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त परीक्षा, जून में महिला पर्यवेक्षक, वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा और कांस्टेबल भर्ती आदि परीक्षाएं प्रस्तावित है।

ऑनलाइन परीक्षाओं की भी गूंजने लगी मांग

बेरोजगारों की ओर से अब एनटीए की तर्ज पर ऑनलाइन परीक्षाएं कराने की मांग की जा रही है। युवाओं का कहना है कि इससे परीक्षा एजेन्सियों का खर्चा भी कम होने के साथ परिणाम भी समय पर जारी हो सकेगा। सरकार ने बजट में ऑनलाइन परीक्षाओं का विजन भी दिखाया है।