
REET Exam 2025: तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती के लिए राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से होने वाली रीट परीक्षा अगले महीने होनी है। रीट परीक्षा में शेखावाटी के दो लाख से अधिक युवाओं के शामिल होने की संभावना है। रीट परीक्षा बेरोजगारों के लिए जहां नौकरी हासिल करने का एक जरिया है।
वहीं शिक्षानगरी के लिए रीट सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं से अर्थव्यवस्था को बूस्टर डोज मिल रहा है। पिछली रीट के मुकाबले इस साल शिक्षानगरी में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। एक्सपर्ट के अनुसार प्रदेश के 30 से अधिक जिलों के युवा शिक्षानगरी में आकर रीट सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में जुटे है।
पहली बार सरकार की ओर से भी आगामी एक साल में होने वाली भर्तियों का कलैण्डर जारी किया गया है। इससे भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने युवाओं में काफी उत्साह है। वहीं बजट सत्र में फिर से नई भर्तियों का ऐलान होना है। भर्तियों की वजह से नवलगढ़ रोड इलाका युवाओं के उत्साह से गुलजार है। विभिन्न जिलों से शिक्षानगरी में तैयारी के लिए युवाओं ने बताया कि यहां की संस्थाओं का पिछली भर्तियों में काफी बेहतर परिणाम रहा है।
आरएएस, शिक्षक सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम में शिक्षानगरी के युवाओं की धाक है। इंजीनियरिंग व मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं का सीकर हन बन चुका है। आगामी एक साल में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का कलैण्डर जारी होने के बाद शिक्षानगरी की कोचिंग संस्थाओं में दाखिले का ग्राफ भी बढ़ा है।
हितेश शर्मा, कॅरियर काउंसलर, सीकर
सरकार ने आगामी एक साल में होने वाली भर्तियों का कलैण्डर जारी कर दिया है। ऐसे में युवा अपने क्षेत्र की भर्तियों पर फोकस करते हुए आसानी से तैयारी कर सकते हैं। कई युवाओं में शिक्षा विभाग की भर्तियों में पद कम होने को लेकर उलझन है। अगले महीने में राज्य सरकार का संभवतया बजट पेश होना है। ऐसे में उम्मीद है कि बजट में नई घोषणाओं के बाद पदों में बढ़ोतरी भी हो।
विकास कुमार, भर्ती मामलों के विशेषज्ञ
शिक्षानगरी की संस्थाओं की ओर से टेस्ट सीरिज सहित अन्य नवाचारों की वजह से युवाओं में यहां आकर तैयारी करने का काफी क्रेज है। हनुमानगढ़ जिला निवासी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि यहां साप्ताहिक टेस्ट सीरिज की पहल अच्छी है। इससे खुद का आंकलन होने के साथ आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी होती है।
शिक्षानगरी में तैयारी के लिए पहुंचने वाले युवाओं ने बताया कि यहां पढ़ाई का बेहतर माहौल है। इसलिए रीट के साथ व्याख्याता भर्ती, वरिष्ठ अध्यापक सहित अन्य भर्तियों की भी आसानी से तैयारी का विकल्प मिल रहा है। वहीं ऐसे भी युवा शिक्षानगरी में तैयारी के लिए पहुंचे है जो पहले से पहले से रीट पास है, लेकिन वह अभी से रीट के बाद होने वाली अगली परीक्षा की तैयारी में जुट गए है।
Updated on:
20 Jan 2025 02:56 pm
Published on:
20 Jan 2025 02:56 pm
