
सीकर डिपो की 40 कंडम बस दौड़ रही सडक़ों पर
सीकर. बूंदी में बस के हादसे होने के बाद भी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि को ध्येय मानने वाला राजस्थान रोडवेज गंभीर नहीं है। सीकर डिपो में 40 बस कंडम होने के बाद भी सडक़ों पर दौड़ रही है। हाल यह है कि बसों के टूटे शीशे, जर्जर सीट, लाइट, इंजन की स्थिति को लेकर परिवहन विभाग से फिटनेस करवाया जाता है। लेकिन फिटनेस का प्रमाण पत्र फौरी रूप से दिए जाने के कारण इन बसों के ब्रेक डाउन की शिकायतें बढ़ती जा रही है।
रही सही कसर पुरानी बसों के कारण ईंधन की खपत भी बढ़ती जा रही है। चालकों को खुद का पैसा खर्च करके सरकारी बसों का चलाने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। इससे जहां एक ओर रोडवेज का घाटा सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रहा है वहीं क्षतिग्रस्त बसों के कारण यात्रियों के साथ-साथ चालक व परिचालक की जान भी खतरे में रहती है। निगम प्रबंधन इन कंडम बसों को बदलने की बजाए पुरानी बसों को ही ठोक पीटकर जर्जर हालत में सडक़ों पर दौड़ा रहा है। गौरतलब है कि रोडवेज के मानकों के अनुसार आठ साल या आठ लाख किलोमीटर चलने वाली बस कंडम घोषित करने योग्य है।
14 बसों का फिटनेस नहीं
सीकर डिपो में लम्बे समय से 11 मिनी बस और हाल में जोधपुर से स्थानांतरित होकर आई तीन बस की फिटनेस नहीं हो रही है। परिवहन विभाग का तर्क है कि जब टैक्स जयपुर आरटीओ ऑफिस में जमा हुआ है तो वहां से फिटनेस करवाए। ऐसे में हाल में ट्रांसफर हो कर आई बसों का भी टैक्स जमा नहीं हो पा रहा है। रोडवेज निगम के अधिकारियों का तर्क है कि परिवहन विभाग ने प्रदेश के सभी अधिकारियों को आदेश दिया हुआ है कि फिटनेस जांच संबंधित प्रादेशिक कार्यालयों में ही की जाए लेकिन निगम और परिवहन विभाग के बीच तालमेल नहीं होने के कारण 14 बस ऑफ रोड है।
मेला ड्यूटी में लापरवाही पर दो एपीओ
खाटू मेले के लिए रोडवेज की ओर से गणेशपुरा चैक पोस्ट पर लापरवाही बरतने पर प्रबंध निदेशक ने दो कार्मिकों को एपीओ किया है। सुबह आठ से शाम आठ बजे तक कनिष्ठ सहायक मदन सिंह मातवा व चालक मदन सिंह शेखावत नदारद मिले। इस पर प्रबंध निदेशक ने दोनों को एपीओ किया है। इस दौरान इनका मुख्यालय जयपुर स्थित मुख्य कार्यालय रहेगा।
निर्माण के लिए भूखंड का अनुमोदन का इंतजार
नीमकाथाना. नगर पालिका के द्वारा पेंशनर समाज को आंवटित भू-खंड को नगरीय विकास मंत्रालय जयपुर के द्वारा अनुमोदन करवाने की मांग को लेकर सोमवार को पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी कल्याण प्रसाद मीना की अध्यक्षता में सोमवार को समाज के शिष्ट मंडल ने विधायक सुरेश मोदी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि सरकार द्वारा भू-खंड का जल्द अनुमोदन जाये तो भवन का निर्माण शुरू हो सके।
Published on:
03 Mar 2020 05:58 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
