
सीकर.
गांव बाजौर से पिपराली जाने वाले रास्ते पर स्थित देवलाजाड़ा ग्राम (चारण का बास) में शुक्रवार को दो दबंग महिलाओं ने घर में घुसे शराबी को दबोच कर पेड़ के बांध दिया। ग्रामीणों की मौजूदगी में उसे तब-तक बांधे रखा जब-तक उसकी शराब का नशा काफूर नहीं हो गया। इसके बाद ग्रामीण व पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया और भविष्य में ऐसा करने पर मुकदमा दर्ज करा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही।
जानकारी के अनुसार देवलाजाड़ा ग्राम में दिन में एक व्यक्ति छोटेलाल शराब के नशे में झूम रहा था। इसके बाद वह नाहरमल के घर में घुस गया। यहां महिलाओं के साथ अभद्रह व्यवहार करने में पहले तो उसे समझाया गया कि इस वक्त घर में कोई आदमी नहीं है। वह बगैर उनकी मौजूदगी में बिना पूछे घर में क्यों घुसा। इसके बाद वह गाली-गलौच पर उतर आया तो दोनों महिलाओं ने उसे दबोच कर घर के नोहरे में पेड़ से बांध दिया।
इस बात का पता ग्रामीणों को चला तो उन्होंने रघुनाथगढ़ चौकी में फोन कर पुलिस को सूचित कर दिया। हालांकि पहले तो पुलिस मामले को टरकाती रही। बाद में एएसपी डा. तेजपाल सिंह के निर्देश पर वह घटना स्थल पर पहुंची। इसके बाद महिलाओं ने शराबी को तब-तक नहीं खोला जब-तक उसकी शराब नहीं उतरी।
इसके बाद ग्रामीणों के कहने पर शराबी युवक को छोड़ दिया। गांव के चौक में शराबी को बुलाकर समझाया गया कि आखिर उसने यह गिरी हुई हरकत क्यों की और महिलाओं को भला-बुरा कहने का अधिकर उसको किसने दिया। इसके बाद रघुनाथगढ़ पुलिस ने आरोपित को धमकाते हुए थाने में बंद करने की चेतावनी देकर भगा दिया।
किराएदार की ली मदद
दबंग महिला बबीता का कहना है कि शराबी सुबह से ही उसके घर के आस-पास घूम रहा था। मौका पाकर वह गेट के अंदर प्रवेश कर गया। नशे में होने के कारण पहले तो उसे समझाया लेकिन, वह नहीं माना और बदमाशी पर उतर आया तो आखिरकार परेशान होकर उसे दबोच कर बैठ गई। मकान में रहने वाली किराएदार महिला को आवाज देकर रस्सी मंगवाई और बाद में दोनों ने मिलकर उसे पेड़ से बांध दिया। इसके बाद महिला ने अपने पति और गांव वालों को बुलाकर शराबी की करतूत से अवगत कराया। महिलाओं का आरोप था कि बांध देने के बाद भी शराबी ने अपना मुंह बंद नहीं रखा और दोनों को भला बुरा कहता रहा।
गाड़ी नहीं है कैसे पहुंचे?
नाहरमल के अनुसार शराबी को बांधने के बाद बीट कांस्टेबल विनोद को घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वह छुट्टी पर चल रहा है। वह इसकी सूचना रघुनाथगढ़ चौकी में दे। इसके बाद चौकी में फोन किया गया तो जवाब मिला कि घटना स्थल करीब दस किलोमीटर दूर है। ऐसे में उनके पास आने-जाने का साधन नहीं होने के कारण उन लोगों को देरी हो सकती है।
घटना स्थल पर पहुंची पत्रिका की टीम ने संबंधित एसएचओ को फोन किया तो रिसिव नहीं होने पर एएसपी डा. तेजपाल सिंह को घटना की जानकारी दी गई। थोड़ी देर बार रघुनाथगढ़ चौकी से पुलिस पूर्व सरपंच बजरंगलाल के साथ गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची और मामले को समझाइश से निपटा दिया। पूर्व सरपंच भी शराबी को नसीहत देकर चले गए।
ग्रामीणों ने सराहा
शराबी द्वारा अपराध करने से पहले ही साहस कर उसे बांधने वाली महिलाओं की ग्रामीणों ने सराहना की। भविष्य में फिर कभी शराबी द्वारा उनको परेशान करने पर थाने में आकर रिपोर्ट देने की बात कही और मदद का भरोसा दिलाया। तीन से चार घंटे चले घटनाक्रम के दौरान ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने भी दबंग महिलाओं को कानून की मदद लेने के बारे में बताया।
Published on:
28 Apr 2018 05:16 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
