
मंडावा में इसलिए जुटेंगे भाजपा के दिग्गज
पिछले विधानसभा चुनाव में शेखावाटी में मिली करारी हार का बदला लेने की भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली है। पहले लक्ष्मणगढ़ में किसान सम्मेलन और अब झुंझुनूं में कार्य समिति की बैठक के जरिए भाजपा ने कांग्रेस को पूरी तरह घेरने की तैयारी कर ली है। दरअसल, पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सीकर, चूरू व झुंझुनूं जिले में करारी हार मिली थी। सीकर जिले में तो भाजपा का खाता भी नहीं खुला था। ऐसे में अब भाजपा का फोकस शेखावाटी पर ज्यादा है। इधर, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शनिवार व रविवार को झुंझुनूं जिले के चुड़ैला स्थित जेजेटी विश्वविद्यालय में होगी। शेखावाटी के झुंझुनूं में पहली बार हो रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को ऐतिहासिक बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां देर रात तक जारी रही। चुनावों से पहले हो रही इस बैठक में केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायकों सहित 500 पदाधिकारी जुटेंगे।
इसलिए शेखावाटी महत्वपूर्ण
दरअसल भाजपा का फिलहाल पूरा फोकस शेखावाटी खासकर झुंझुनूं पर है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी झुंझुनूं में हो चुकी। इसमें देशभर के पदाधिकारी आए थे। पिछले माह लक्ष्मणगढ़ में हुई भाजपा की रैली में भी झुंझुनूं के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को विशेष महत्व दिया गया था। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी शेखावाटी के राजगढ़ के रहने वाले हैं।
नवलगढ़ से झुंझुनूं तक हर रास्ता भगवामय
भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक को लेकर जिला बॉर्डर नवलगढ़ से झुंझुनूं शहर व यहां से चुड़ैला ग्राम स्थित जेजेटी विश्वविद्यालय तक भाजपा के बैनर, पोस्टर व झंडे लगाए गए हैं। जेजेटी परिसर को भी झंडों से पाट दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, सांसद सहित कई को जिम्मा
बैठक की तैयारियों से लेकर अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सीकर के वरिष्ठ भाजपा नेताओं को मिली है। इसमें भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रणवां, सांसद सुमेधानंद सरस्वती व पूर्व विधायक गोरधन वर्मा को जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री मदन दिलावर, प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बागड़ी, झुंझुनूं जिलाध्यक्ष पवन मावंडिया, सांसद नरेंद्र कुमार खीचड़, विधायक सुभाष पूनिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढूकिया सहित अन्य भी व्यवथाओं में जुटे है।
कई पदाधिकारी पहुंचे, कई आज आएंगे
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया व उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित कई पदाधिकारी शामिल होंगे। इनमें से कई पदाधिकारी शुक्रवार रात को झुंझुनूं पहुंचे।
यह रहेगा कार्यक्रम
12 नवम्बर को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी।
इसी दिन राजस्थान के सभी जिलाध्यक्षों की बैठक होगी।
12 को ही पदाधिकारी मंडलों में जाएंगे। वहां जनता व कार्यकर्ताओं से उनके मन की बात जानेंगे। उनका फीडबैक लेंगे।
मुख्य पदाधिकारी 13 को सुबह आएंगे। इसी दिन प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी।
Published on:
12 Nov 2022 12:37 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
