
कोतवाली इलाके में पुलिस ने शनिवार रात शहर में सट्टे का बड़ा अड्डा पकड़ा है। पुलिस ने मौके से दो सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके पास से सात लाइनों की दो अटैची व लाखों का सामान जब्त किया है। कार्रवाई आरपीएस (प्रशिक्षु) सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में शहर के रामलीला मैदान क्षेत्र में की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। आसपास के लोग छतों पर एकत्र हो गए। गिरफ्तार आरोपित रामलीला मैदान के पीछे के निवासी गोपाल गुर्जर व साहिल उर्फ बंटी बागवान है। पुलिस को गोपाल गुर्जर के घर में सट्टे का कारोबार होने की जानकारी मिली।
Must read:
विशेष टीम
इस पर पुलिस की विशेष टीम गठित कर मकान पर छापा मारा गया। मकान के निचले हिस्से में गोपाल का परिवार रहता है। पहली मंजिल पर बने कमरे में सट्टे का कारोबार सजा था। पुलिस मौके पर पहुंची तो गोपाल व साहित तमिलनाडू प्रीमियर लीग पर सट्टे का कारोबार कर रहे थे।
04 मोबाइलों से भाव, 02 अटैचियों में सात लाइन
गोपाल गुर्जर के घर पकड़े गए सट्टे में आरोपित चार मोबाइलों से छोटे बुकियों को भाव दे रहे थे। वहीं रिकॉर्डर के साथ अटैची में सात मोबाइलों पर शहर के सटोरिये लाइन से जुड़े थे। इसके अलावा कमरे में बड़ी एलसीडी पर मैच चल रहा था। प्रशिक्षु आरपीएस सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि मौके पर मिले लैपटॉप में लाखों का हिसाब मिला है। आरोपितों से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Must read:
लम्बे समय बाद कार्रवाई
सट्टे के लिए बदनाम सीकर में इस तरह की बड़ी कार्रवाई लम्बे समय बाद की गई है। हाल ही आईपीएल मैच के दौरान फतेहपुर व लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में तो सट्टे के कारोबारी पुलिस के हत्थे चढ़े, लेकिन सीकर में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पाई। सट्टे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया। तमिलनाडू प्रीमियर लीग का सट्टा पुलिस की कार्रवाई होते ही बंद हो गया। कार्रवाई के दौरान एएसआई जयप्रकाश, सुनील, सिपाही राजपाल, हरीश भागीरथ आदि थे।
Published on:
30 Jul 2017, 3:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.