
कांग्रेस कार्यकाल की जांच पर डोटासरा ने भाजपा पर कसा तंज, बोले सरकार की कलम में स्यासी नहीं तो दवात हम भेज देंगे
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यों की जांच कराने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि जांच के लिए सरकार की कलम में स्याही नहीं है तो वे खुद दवात भेज देंगे। डोटासरा सोमवार को फतेहपुर में मीडिया से बात कर रहे थे। डोटासरा ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि किसी की तरफ अंगुली खड़ी करना बड़ी बात नहीं, पर अंगुली बेदाग होनी चाहिए। इधर के पत्थर उधर और उधर के पत्थर इधर फेंकने की बजाय सरकार को काम करके दिखाना चाहिए। लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार को फिर 'पर्ची वाली' सरकार बताया। उन्होंने आगे कहा कि हमने आज तक कभी नहीं देखा कि किसी राज्य का मुख्यमंत्री पर्ची से बना हो।
बातें करने की बजाए काम करे सरकार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ताधारी भाजपा हमारी सरकार के 6 महीनों के काम की समीक्षा की बात कर रही है। सरकार को लगता है कि हमारे कार्यकाल में कुछ गलत हुआ था तो उसके खिलाफ कार्रवाई करे, हमनें उनके हाथ थोड़ी न बांध रखें हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की कोई स्कीम वर्तमान सरकार को अच्छी लगती है तो उसे चालू रखे, गलत को बंद कर दे। अगर सरकार को कुछ गलत लगता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करे, सिर्फ भाषण देने या बोलने से कुछ नहीं होता, कार्रवाई करके दिखाए सरकार।
Published on:
05 Feb 2024 10:31 pm
