
भाजपा की आलाकमान के पास जाएगी सूची, कांग्रेस में पर्यवेक्षक का इंतजार
सीकर. जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए टिकटों की जद्दोजहद तेज हो गई है। सभी दलों के दावेदार उम्मीदवार बनने की मशक्कत में जुटे हैं। इसी बीच भाजपा, कांग्रेस, माकपा, रालोपा व बसपा ने अंदरखाने प्रत्याशियों पर मंथन भी तेज कर दिया है। सीकर में पंचायत समिति सदस्य की 310 व जिला परिषद की 39 सीटों के लिए अब तक 2700 से ज्यादा आवेदन फार्म भाजपा, कांग्रेस, माकपा, बसपा व रालोपा के पास पहुंचे हंै। इस बार के चुनावी रण में रालोपा के भी सक्रिय होने से कई स्थानों पर चुनावी मुकाबले रोचक होंगे। भाजपा ने दावेदारों की हकीकत जानने के लिए सर्वे का काम पूरा कर लिया है। कांग्रेस के दावेदारों को फिलहाल पर्यवेक्षक के दौरे का इंतजार है। इसके बाद टिकट वितरण की दिशा में काम शुरू होगा। जबकि माकपा, बसपा व रालोपा ने भी तैयारी पूरी कर ली है। इनकी पहली सूची चार नवंबर को आने की संभावना है। बतादें कि पहले चरण का चुनाव 23 नवंबर को होगा।
भाजपा: आज आलाकमान के पास जाएगी सूची
भाजपा के पास लगभग एक हजार आवेदन रविवार तक आए है। जिलाध्यक्ष इंदिरा चौधरी व महामंत्री भंवरलाल वर्मा ने बताया कि पैनल के हिसाब से दावेदारों की सूची सोमवार को आलाकमान को भिजवा दी जाएगी। पहली सूची चार या पांच नवम्बर तक आने की संभावना है। जिन वार्डो में दावेदार ज्यादा वहां सहमति बनाने के हिसाब से सूची छह के बाद जारी होगी। भाजपा में टिकट के लिए स्थानीय प्रभारियों के साथ पूर्व विधायकों की राय भी काफी मायने रखेगी।
कांग्रेस: पर्यवेक्षक दौरे के बाद तेज होगी हलचल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीएस जाट ने बताया कि फिलहाल आवेदन प्रक्रिया जारी है। ज्यादातर दावेदार अपने क्षेत्र के विधायकों के यहां अपनी दावेदारी जता रहे हैं। कांग्रेस की ओर से सीकर जिले में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान को पर्यवेक्षक लगाया गया है। जिले के पर्यवेक्षक के बाद सियासी हलचल और तेज होगी। कांग्रेस के पर्यवेक्षकों की रविवार शाम को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने वीसी के जरिए बैठक ली। इसमें सभी पर्यवेक्षकों से पांच नवम्बर तक रिपोर्ट मांगी है। ऐसे में कांग्रेस की सूची पांच के बाद ही जारी होने की संभावना है।
माकपा: नामों पर मंथन पूरा, सूची कभी भी
माकपा के हाल में हुए सम्मेलनों में मुख्य फोकस पंचायत चुनाव पर रहा। जिला सचिव किशन पारीक ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्यों के नामों को लेकर मंथन हो चुका है। चार नवम्बर तक सूची जारी करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार की विफलताओं को लेकर पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी। बिजली दर बढ़ोतरी को सबसे बड़ा मुद्दा बनाया जाएगा।
बसपा: चार को प्रभारी के साथ होगी बैठक
बसपा ने भी दावेदारों से नाम ले लिए है। जिला महासचिव मुकेश राड़ ने बताया कि चार नवम्बर को प्रदेश प्रभारी के साथ बैठक होगी। इसमें दावेदारों के नाम को लेकर मंथन किया जाएगा। बसपा की पहली सूची भी चार नवम्बर देर रात तक जारी होने की सम्भावना है।
रालोपा: सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव
रोलपा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मनीष चौधरी ने बताया कि रालोपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए आवेदन भी लिए गए है। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया होने के दौरान ही टिकट ही जारी कर दी जागी।
पहला चरण: 23 नवम्बर को होंगे चुनाव
कहां होंगे चुनाव: खंडेला, पाटन व नीमकाथाना
पंचायत समिति: 83
गाम पंचायत: 100
मतदान केन्द्र: 589
दूसरे चरण: 27 नवम्बर
कहां होंगे चुनाव: फतेहपुर व धोद
पंचायत समिति: 68
गाम पंचायत: 91
मतदान केन्द्र: 538
तीसरा चरण: एक दिसम्बर
कहां होंगे चुनाव: पिपराली, दांतारामगढ़, पलसाना व अजीतगढ़
पंचायत समिति: 96
गाम पंचायत: 109
मतदान केन्द्र: 700
चौथा चरण: पांच दिसम्बर को होगा मतदान
कहां होंगे चुनाव: श्रीमाधोपुर, लक्ष्मणगढ़ व नेछवा
पंचायत समिति: 63
गाम पंचायत: 75
मतदान केन्द्र: 500
चार से शुरू होगा नामांकन
चार नवम्बर से नौ नवम्बर तक नामांकन होगा। नामांकन फॉर्मो की जांच दस नवम्बर को होगी। नाम वापसी ग्यारह नवम्बर को होगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन भी ग्यारह नवम्बर को होगा। इन चुनावों की मतगणना आठ दिसम्बर को जिला मुख्यालय पर सुबह नौ बजे से होगी। जिला प्रमुख व प्रधानों का चुनाव दस दिसम्बर को होगा। उप जिला प्रमुख व उप प्रधानों का चुनाव 11 दिसम्बर को होना है।
कहा से कितने पंचायत समिति सदस्य
धोद: 41
पिपराली: 21
फतेहपुर: 27
दातारामगढ़: 27
अजीतगढ़: 23
लक्ष्मणगढ़: 25
नेछवा: 15
खंडेला: 39
नीमकाथाना: 27
पलसाना: 25
पाटन: 17
श्रीमाधोपुर: 23
Published on:
02 Nov 2020 10:33 am
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
