5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खेती-किसानी: जिले में रबी फसलों की अगेती बुवाई में जुटे किसान

रबी सीजन की बुवाई के लिए मौसम अनुकूल हो गया है। किसान तेजी से फसलों की थ्रेसिंग में जुट गए हैं। दीपावली से पहले वातावरण में नमी घुलने से अब सिंचित क्षेत्रों में सरसों व चना की बुवाई ने गति पकड़ ली है। वहीं उद्यानिकी फसलों का भी बेहतर अंकुरण हो रहा है।

2 min read
Google source verification
खेती-किसानी: जिले में रबी फसलों की अगेती बुवाई में जुटे किसान

खेती-किसानी: जिले में रबी फसलों की अगेती बुवाई में जुटे किसान

रबी सीजन की बुवाई के लिए मौसम अनुकूल हो गया है। किसान तेजी से फसलों की थ्रेसिंग में जुट गए हैं। दीपावली से पहले वातावरण में नमी घुलने से अब सिंचित क्षेत्रों में सरसों व चना की बुवाई ने गति पकड़ ली है। वहीं उद्यानिकी फसलों का भी बेहतर अंकुरण हो रहा है। इससे आगामी दिनों में सर्दी की सब्जियों के भावों में गिरावट आएगी। कृषि विभाग के पास भी रबी की बुवाई के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। जिले में इस बार रबी की बुवाई करीब पौने चार हैक्टेयर में होगी।

बढ़ेगी उत्पादकता

किसान शिशुपाल सिंह खरबास ने बताया कि सीकर जिले में आगामी दिनों में मौसम के सर्द होने से रबी की फसलों का बेहतर अंकुरण होगा। इससे फसलों की प्रति बीघा उत्पादकता बढ़ जाएगी। किसानों की मानें तो तापमान में गिरावट से भूमि की उर्वरक क्षमता बढ़ती है। इससे फसलों की गुणवत्ता के साथ पैदावार भी बढ़ती है। इसके साथ ही इन फसलों का आकार भी अच्छा होता है। वहीं रबी की फसल गेहूं, सरसों, मटर, जौ और चना के लिए तापमान में गिरावट से मजबूती मिलती है।

देरी से पड़ता है असर

नम वातावरण के कारण हर साल अक्टूबर माह में अधिकांश क्षेत्रों में अगेती बुवाई हो जाती है। लेकिन इस बार तापमान में अधिकता के कारण अगेती बुवाई प्रभावित हुई है। ऐसे में अब एक पखवाड़े बाद अगेती बुवाई ने जोर पकड़ा है। किसानों के अनुसार देरी से बुवाई करने पर फसलों की बढ़वार प्रभावित होती है। वहीं शीतलहर के कारण नुकसान की आशंका बन जाती है। कृषि कैलेंडर के अनुसार 15 अक्टूबर तक सरसों चने की बुवाई के लिए तथा अक्टूबर के अंतिम पखवाड़े से 15 नवंबर तक गेहूं की बुवाई के लिए अनुकूल समय रहता है।

इनका कहना है
मौसम सर्द होने से जिले में रबी की फसलों की बुवाई ने जोर पकड़ा है। जिले में लक्ष्य की तुलना में करीब 17 प्रतिशत क्षेत्रों में बुवाई की सूचना आ रही है। आगामी दिनों में सर्द मौसम होने से गेहूं की बुवाई की जाएगी।

रामनिवास पालीवाल संयुक्त निदेशक कृषि