
Groupism in laxmangarh Sikar Before CM Raje Gaurav Yatra 2018
लक्ष्मणगढ़ (सीकर). राजस्थान मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सिंधिया की सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में प्रस्तावित गौरव यात्रा से पहले इलाके की भाजपा दो टुकड़ों में बंटी नजर आई।
हरिराम रणवां गुट की ओर से जहां पूर्व में सम्मेलनों के माध्यम से भीड़ जुटाकर अपनी दावेदारी जताई गई, वहीं रविवार को आशीष होटल में सिंघानिया गुट की ओर से आयोजित युवा सम्मेलन कमल संगम के माध्यम से स्थानीय नेताओं की ओर से दावेदारी जताई गई।
रणवां विरोधी गुट की ओर से आयोजित युवा सम्मेलन कमल संगम को संबोधित करते हुए काबिना मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने इस तरह के बड़े कार्यक्रमों में एकजुटता दिखाने की अपील की।
राठौड़ ने कहा कि जब सबका ध्येय राज्य व देश में कमल खिलाना हैं तो फिर इन सब बातों का कोई औचित्य ही नहीं रह जाता हैं। राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में जो कार्य कांग्रेस ने 10 साल सत्ता में रहकर नहीं किए, वो सभी कार्य वर्तमान भाजपा सरकार ने मात्र साढ़े चार साल में करके दिखा दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पूरे जोर शोर से जुटकर देश में मोदी व राज्य में वसुन्धरा को पुन: सत्ता में लाना हैं। कार्यक्रम के दौरान राठौड़ ने सीएम राजे की 24 सितम्बर को कस्बे में प्रस्तावित रैली में अधिकाधिक भीड़ जुटाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को युवा भाजपा नेता व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य वरूण शिवरान, चूरू जिला प्रमुख हरलाल सहारण, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सिंघानियां, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, पूर्व प्रधान डालूराम चाहर, हरलाल धायल, जिप सदस्य ताराचंद धायल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अलका शर्मा, पूर्व दिलसुखराय चौधरी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजयपाल बगडिय़ा, शहर अध्यक्ष मनोज शर्मा, भंवरलाल डोटासरा, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शशिप्रकाश जोशी, अमृत ख्यालिया, भंवर सिंह रणंवा, रतनलाल महर्षि, ईश्वर सिंह राठौड़ व पूर्व सरपंच नरेश मंडीवाल ने भी संबोधित किया। इससे पहले राठौड़ के आगमन पर बड़ी तादाद में मौजूद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय जय भाजपा के नारे के साथ उनका स्वागत किया।
स्थानीय को टिकट दे तब ही खिलेगा कमल
काबिना मंत्री राठौड़ की मौजूदगी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक दिलसुखराय चौधरी, पूर्व प्रधान डालूराम चाहर व पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष विजयपाल बगडिय़ा ने स्पष्ट शब्दों में मंच से कहा कि यदि भाजपा को यह सीट अपनी झोली में डालनी है तो स्थानीय उम्मीदवार को टिकट देनी होगी। बगडिय़ा बाहरी व्यक्ति की उम्मीदवारी का विरोध जताया। हालांकि बगडिय़ा द्वारा व्यक्ति विशेष का नाम लेने से राठौड़ नाराज हो गए और उन्होंने जिलाध्यक्ष सिंघानिया के माध्यम से बगडिय़ा को इस प्रकार शब्दों के उपयोग ना करने की नसीहत दे डाली।
Published on:
17 Sept 2018 01:18 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
