
कार्यकर्ताओं से मिलते हनुमान बेनीवाल। फोटो- पत्रिका
रींगस। कस्बे में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने किया। उद्घाटन समारोह से पूर्व आरएलपी कार्यकर्ता आशीष बेनीवाल, आरएलपी खंडेला प्रभारी और पूर्व सरपंच राजेंद्र बाजिया ने सांसद हनुमान बेनीवाल का स्वागत किया। मीडिया से बातचीत करते हुए हनुमान बेनीवाल ने खाटूश्यामजी में करण कुमावत के साथ हुई मारपीट की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उनकी लगातार राजस्थान के डीजीपी, आईजी और एसपी से बातचीत चल रही है।
यह वीडियो भी देखें
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो आरएलपी न्याय की लड़ाई के लिए सड़क पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेगी। हनुमान बेनीवाल ने कहा कि हम चाहते हैं कि करण कुमावत के हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। मुख्य और वास्तविक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आने चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि किसी को भी पकड़कर गिरफ्तारी दिखा दी जाए। उन्होंने कहा कि आज अखबार का पहला पन्ना पलटते ही ऐसी घटनाएं पढ़ने को मिल रही हैं, जिससे लगता है कि राजस्थान गलत दिशा की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश के युवाओं को बचाने और उन्हें न्याय दिलाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि करण कुमावत को सौ प्रतिशत न्याय दिलाकर रहेंगे। उनके परिजन लगातार मेरे संपर्क में हैं और आरएलपी की पूरी टीम उनके सहयोग में लगी हुई है। कार्यक्रम के दौरान युवा नेता आशीष बेनीवाल, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी श्रीमाधोपुर प्रभारी गोपाल सिंह, खंडेला प्रभारी एवं पूर्व सरपंच राजेंद्र बाजिया, अशोक घौसल्या, महादेव सिंह बाजिया, राजेंद्र जाखड़, गोकुल गोदारा, बाबूलाल बेनीवाल, बजरंग बाजिया, जितेंद्र बाजिया, तेजपाल मान सहित बड़ी संख्या में आरएलपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मई महीने में विवाद तोरण द्वार के निकट एक कमरा बुक करने और उसे किराए पर लेने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते इस मामूली कहासुनी ने एक हिंसक रूप धारण कर लिया, जिसके बाद लाठी, डंडों और लोहे के धारदार सरियों से लैस कुछ असामाजिक तत्वों ने वहां मौजूद एक स्थानीय युवक करण कुमावत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा था। आरोपियों ने करण पर लोहे के सरियों और भारी लाठियों से सिर और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर लगातार कई वार किए। हमले के कारण करण के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह अत्यधिक खून बह जाने के कारण अचेत हो गया।
Updated on:
19 Jun 2026 07:40 pm
Published on:
19 Jun 2026 07:40 pm
