
लॉरेंस गैंग ने मांगी रंगदारी, चाचा व भतीजे को जान से मारने की दी धमकी
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से शहर में पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। व्हाट्स एप कॉल पर आरोपी ने रुपए नहीं देने पर चाचा व भतीजे का अपहरण कर जान से मारने की धमकी भी दी है। पलसाना व हाल निवासी पिपराली रोड निवासी पीडि़त राजेंद्र कुमावत पुत्र भगवान राम ने इस संबंध में उद्योग नगर थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों भाइयों को किया फोन, बताई पूरी लोकेशन
पीडि़त राजेंद्र ने बताया कि वह फतेहपुर में बैक ऑफ बड़ौदा बैंक में लिपिक है। उनके बड़े भाई शंकरलाल महाराष्ट्र में व्यापार करते हैं। जिनका बेटा साहिल उनके पास रहकर नीट की तैयारी करता है। 27 जनवरी को विदेशी नम्बरों से उनके भाई व उसके बाद उनके पास व्हाट्स एप कॉल आया। जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का गुर्गा बताते हुए पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी। घर की लोकेशन तथा भतीजे की स्कूटी, आने-जाने का रास्ता व कपड़ों का रंग बताते हुए दो दिन में रंगदारी नहीं देने चाचा- भतीजे दोनों के अपहरण की धमकी दी। इसके बाद दो जनवरी को भी दोनों भाइयों को भारत के नम्बरों से फोन कर दो दिन में रंगदारी देने के लिए धमकाया। इस पर पहले तो उन्होंने रानोली थाने में संपर्क किया। बाद में उद्योग नगर में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
दहशत में परिवार, घर से निकलने में डर
राजेंद्र ने बताया कि घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। वे बैंक और भतीजा कोचिंग जाने से भी डर रहा है। उन्हें हर समय जान को खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करे।
Published on:
05 Feb 2024 11:05 am
