
सीकर. कर्जा माफी की मांग को लेकर आंदोलनरत किसान 11 वें दिन सोमवार अनिश्चतकालीन चक्काजाम के तहत सडक़ों पर आ गए। किसानों ने सीकर जिले में 361 स्थानों पर चक्काजाम लगाया।
दोपहर को जिला कलक्टर नरेश कुमार ठकराल ने किसान नेताओं को फिर से सोमवार शाम पांच बजे जयपुर स्थित कृषि भवन में वार्ता का न्यौता दिया, लेकिन किसान नेताओं ने समय कम होने का तर्क देते हुए प्रस्ताव को ठुकरा दिया। अब मंगलवार शाम पांच बजे जयपुर में वार्ता होने की उम्मीद है। इस प्रस्ताव पर किसान नेता भी राजी हो गए है।
इधर, किसान नेता व पूर्व विधायक अमराराम ने मंगलवार को प्रदेश में चक्काजाम का ऐलान किया है। सीकर में चक्काजाम होने के कारण छह जिलों के लोग परेशान रहे। जगह-जगह बस, कार, जीप चालक जाम में फंसे रहे। किसानों ने मांग पूरी नहीं होने तक जाम जारी रखने का ऐलान किया है।
आज होगी वार्ता
जिला कलक्टर जिला कलक्टर नरेश कुमार ठकराल ने बताया कि किसान नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए शाम पाच बजे जयपुर स्थित कृषि भवन जाना था। लेकिन किसान नेताओं ने सोमवार के बजाय मंगलवार को वार्ता कराने की बात कही है। रास्ते जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे है।
चक्काजाम को किसान संगठनों का समर्थन
किसान नेता अमराराम ने बताया कि मंगलवार को पूरे प्रदेश में चक्काजाम रहेगा। इसके लिए कई किसान संगठनों ने समर्थन दिया है। राजपा नेता किरोडीलाल मीणा व हनुमान बेनीवाल ने भी चक्काजाम को समर्थन देकर तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार वार्ता के नाम पर नाटक कर रही है। इस कारण पूरे प्रदेश की जनता परेशान हो रही है।
धारा 144 लागू रहेगी, इंटरनेट भी रहेगा बंद
शहर में धारा 144 मंगलवार को भी लागू रहेगी। इंटरनेट सेवा पर पाबंदी भी सोमवार रात 12 बजे तक रहेगी। आवश्यकता पडऩे पर प्रशासन इसे बढ़ा भी सकता है।
Updated on:
12 Sep 2017, 10:20 AM IST
Published on:
11 Sep 2017, 6:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.