
demo photo
सीकर। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में युवक को अपराधियों से छुड़ाया है। नेछवा थाना इलाके में तीन हार्डकोर आरोपियों ने 15 लाख फिरौती के लिए एक युवक का अपहरण कर लिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही कड़ी नाकाबंदी कर और हार्डकोर बदमाशों का करीब 50 किलोमीटर पीछा कर मीरण गांव के पास आरोपियों को घेर कर युवक को छुड़वाया। अपहर्ताओं में एक सालासर थाने का हिस्ट्रीशीटर बहादुर सिंह उर्फ पहलवान भी शामिल था। पुलिस ने बहादुर सिंह व उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नेछवा थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर सूचना मिली कि गाड़ी में सवार युवकों ने गनेड़ी गांव में हाइवे पर एक गाड़ी को टक्कर मारकर उदयपुर के डबोक निवासी युवक अश्विन सिंह राजपूत का अपहरण कर लिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही जिलेभर में नाकाबंदी करवाई और आरोपियों की गाड़ी का पीछा किया। पुलिस की नाकाबंदी से बचने के लिए आरोपियों ने मुख्य हाइवे छोड़ गांवों के रास्तों से भागने की जुगत लगाई।
पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मीरण गांव के पास मिली। देर शाम तक पुलिस ने मीरण गांव के सभी रास्तों को घेर लिया। मीलों की ढ़ाणी के पास पुलिस ने अपने वाहनों को आरोपियों की गाड़ी के सामने लगाकर उनको घेर कर पकड़ लिया। गाड़ी से अपह्त युवक अश्विन सिंह राजपूत को छुड़वाया तथा तीन अपहरण करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों बदमाशों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट के पास पेश किया, जहां से न्यायालय ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। पुलिस की गिरफ्त में आये तीनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। आरोपी बहादुर सिंह उर्फ पहलवान निवासी खारिया कनीराम सालासर थाने का हिस्ट्रीशीटर है तथा हार्डकोर अपरोधी है।
हार्डकोर बहादुर के खिलाफ प्रदेश के खिलाफ प्रदेश के राजसमंद, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर, नीमकाथाना, शाहपुरा, सीकर, सालासर, चूरू, हरियाणा, कुचामन सिटी व चित्तौड़गढ़ सहित अन्य जगह 30 मुकदमे दर्ज है। अरविन्द सिंह उर्फ अरबी के खिलाफ सालासर थाने में तीन मुकदमे दर्ज है। वहीं गजेन्द्र सिंह के खिलाफ सात मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज है।
सीकर की यह खबर भी पढ़ें : राजू ठेठ गैंग सक्रिय, हथियार सप्लायर गिरफ्तार
Published on:
25 Feb 2024 09:06 pm
