
कृपा सिंधु जब मंदिर गए। पुर नर नारि सुखी सब भए..
अयोध्या के रामलला ने सोमवार को जिले के जन- जन की आस्था में प्राण प्रतिष्ठित कर दिए। भक्ति का हर रंग, प्रेम का हर ढंग और मन की हर उमंग यहां साकार हो उठी। जन्मभूमि में प्राण प्रतिष्ठा का शंखनाद हुआ तो यहां भी रघुनाथ का जयनाद गूंज उठा। राम लला का विग्रह देख हर कोई भाव विह्वल हो गया। ताली बजाकर, फूल बरसाकर, नाच-गाकर, जयकारे लगाकर तो कोई प्रेमाश्रुओं से अपने भगवान को भाव अर्पित करता रहा। अंतस के उत्साह के साथ दीपों का उजास चारों और उमड़- बिखर गया। सतरंगी रोशनी के साथ जगह- जगह मुंडेरें भगवा पताकाओं व झिलमिलाते दीयों से अट गई तो मकानों से लेकर मंदिरों में ‘मंगल भवन‘ के मंगल गान गूंजते रहे। हर कोई भगवान राम के दिव्य रूप के सामने समर्पित हो नतमस्तक नजर आया।
लाइव: रघुनाथजी के मंदिर में स्क्रीन पर छूने लगे पांव
बावड़ी गेट स्थित रघुनाथजी के मंदिर में भव्य सजावट के बीच बड़ी एलईडी पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण हुआ। जिसे देखने काफी संख्या में महिला- पुरुष उमड़े। रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की शंख ध्वनि के साथ ही यहां उत्साहित श्रद्धालु खड़े होकर जय ध्वनि करने लगे। भावों से भरे भक्त एलईडी में दिख रहे भगवान राम के विग्रह के चरण छूने लगे। दिनभर मंगलगीतों व रामलीला के कलाकारों के भक्तिपूर्ण संवादों के बीच यहां रात को राम दिवाली मनाई गई। महंत अजय कुमार के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक मंडल अध्यक्ष जगदीश चौकडिक़ा, संयुक्त मंत्री जानकी प्रसाद इंदौरिया, मुरारी शुक्ला, चितरंजन सिंह राठौड़, शशि बहड़, ललित झाझुका, विमल अग्रवाल, रामसिंह पिपराली आदि मौजूद रहे।
कलक्टर व एसपी ने भी किए दर्शन
कल्याण धाम में भी अयोध्या महोत्सव का सीधा प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में कलक्टर कमर उल जमाल चौधरी व एसपी देशमुख परिस अनिल भी पहुंचे। सैंकड़ो श्रद्धालुओं के साथ उन्होंने भी भगवान राम व कल्याणजी के दर्शन कर प्रसाद लिया। महंत विष्णु कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर में भक्ति गीतों व आरती का आयोजन भी हुआ। इसी तरह सोभासरिया विश्राम गृह स्थित राम मंदिर में भी दिव्य और भव्य सजावट के साथ धार्मिक आयोजन हुए। जिसमें दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।
वैदिक मंत्रों के साथ सजा सुदर्शन
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही सिटी डिस्पेंसरी नम्बर दो के पास स्थित जगदीश मंदिर में सुदर्शन स्थापित किया गया। जगदीश पुरी की तर्ज बने गुंबद पर वैदिक मंत्रों के साथ सुदर्शन चक्र स्थापित किया गया। महंत रमाकांत शर्मा ने बताया कि इस उपलक्ष्य में आयोजित भागवत कथा में कथा वाचक विनोद शास्त्री ने सोमवार को विभिन्न भक्तिमय प्रसंग सुनाए। कार्यक्रम में ओम प्रकाश माथुर, ललित किशोर माथुर, दीपक माथुर, भानुप्रताप पारीक, गोपाल कृष्ण आदि मौजूद रहे।
रामलीला मैदान में उमड़ा हुजूम
रामलीला मैदान में रामोत्सव में काफी संख्या में लोग पहुंचे। यहां बड़े मंच पर बड़ी स्क्रीन पर अयोध्या महोत्सव को लाइव दिखाया गया। आरती के साथ कीर्तन का आयोजन भी हुआ। डॉ. बीएल रणवा की अगुआई में राम दिवाली भी मनाई गई। श्रीराम के जयकारों के बीच कार्यक्रम में सांसद सुमेधानंद सरस्वती सहित सैंकड़ो लोग मौजूद हुए।
21 लाख दीयों से मनी दिवाली
आनंदोत्सव में जिलेभर में करीब 21 लाख की दीयों से घर, मंदिरों व सार्वजनिक स्थानों पर राम दिवाली मनाई गई। शहर में कार्यक्रम के लिए 23 जगह एलईडी लगाकर सामूहिक धार्मिक आयोजन हुए।
गोपीनाथजी के मंदिर में लगा खीर का भोग
रामोत्सव पर गोपीनाथजी के मंदिर को भी भव्य रूप से सजाया गया। यहां ठाकुरजी को विशेष पोशाक पहनाकर खीर का भोग लगाया गया। रात को दिवाली मनाई गई। जानकी वल्लभ मंदिर में भी विभिन्न आयोजन हुए।
Published on:
23 Jan 2024 12:40 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
