
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) 2024 का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को परीक्षा शुरू हो चुकी है। पहली पारी में 4 लाख 61 हजार 321, दूसरी पारी में 5 लाख 41 हजार 599 रजिस्टर्ड हैं। पहली पारी की परीक्षा के लिए एंट्री सुबह 9 बजे बंद हो गई। वहीं शुक्रवार को दूसरे दिन एक पारी में परीक्षा होगी। वहीं सीकर के कल्याण कॉलेज और कल्याण स्कूल के परीक्षा केंद्र पर प्रवेश गेट को लेकर गलतफहमियों के चलते कई विद्यार्थी परीक्षा से वंचित रह गए हैं।
दरअसल दोनों बिल्डिंग आस-पास हैं। इसके दो-दो दरवाजे हैं। ऐसे जिन बच्चों को कल्याण कॉलेज जाना था, वे कल्याण स्कूल पहुंच गए। वहीं जिनको कल्याण स्कूल पहुंचना था। वे कल्याण कॉलेज पहुंच गए। ऐसे में समय खत्म हो जाने कारण कई परीक्षार्थी परीक्षा में नहीं बैठ पाए। इस दौरान कई परीक्षार्थियों की आंखों में आंसू भी आ गए। हालांकि बाद में गेटों पर स्कूल और कॉलेज के नाम का पोस्टर लगाया गया। ताकि दूसरी पारी और शुक्रवार को होने वाले एग्जाम में किसी तरह की गफलत नहीं हो।
रीट में नकल रोकने व पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर बोर्ड ने पहली बार परीक्षा में फेस रिकॉिग्निशन तकनीक काम में ली। बोर्ड सचिव कैलाश चन्द्र शर्मा ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी से निगरानी हो रही है।
प्रश्न -पत्र हल करने के उपरांत अभ्यर्थी को निर्धारित समय के बाद 10 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे। जिससे वह किसी भी प्रश्न का उत्तर वाला विकल्प रिक्त नहीं छोड़ सके। विशेष योग्यजन को परीक्षा में 50 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। कन्ट्रोल रूम एक मार्च तक प्रतिदिन 24 घण्टे कार्यरत रहेगा।
परीक्षा कानून का उल्लंघन करने पर तीन वर्ष का कारावास व न्यूनतम एक लाख रुपए जुर्माना होगा। परीक्षा सहित संबंधित व्यक्ति पर 5 से 10 साल तक कारावास व 10 लाख से 10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान है। ऐसा होने पर आगामी दो वर्ष तक परीक्षा के अयोग्य घोषित किया जा सकेगा।
निजी परीक्षा केन्द्रों पर संबंधित थाना अधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर 2 पुरुष व 2 महिला पुलिस एवं 2 होमगार्ड लगाए गए हैं। स्थानीय परिवहन की व्यवस्था रहेगी। परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था हेतु धर्मशालाएं, रैन-बसेरे इत्यादि को खुला रखा गया है।
यह वीडियो भी देखें
बोर्ड सचिव कैलाश चन्द्र शर्मा ने बताया कि अजमेर में 57, अलवर में 74, बालोतरा 11, बांसवाड़ा 34, बारां 34, बाड़मेर 48, ब्यावर 17, भरतपुर 93, भीलवाड़ा 51, बीकानेर 45, बूंदी 23, चित्तौड़गढ़ 22, चूरू 47, दौसा 47, डीग 41, धौलपुर 31, डीडवाना-कुचामन 20, डूंगरपुर 44, हनुमानगढ़ 39, जयपुर 233, जैसलमेर 13, जालौर 26, झालावाड़ 44, झुंझुनूं 64, जोधपुर 75, करौली 26, खैरथल-तिजारा 12, कोटा 67, कोटपुतली-बहरोड़ 36, नागौर 25, पाली 21, फलौदी 12, प्रतापगढ 26, राजसमंद 21, सलूबर16, सवाई माधोपुर 34, सीकर 51, सिरोही 24, श्रीगंगानगर 35, टोंक 37 तथा उदयपुर में 55 परीक्षा केन्द्र होंगे।
Updated on:
27 Feb 2025, 11:28 AM IST
Published on:
27 Feb 2025, 10:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.