7 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Sikar Accident: जयपुर से सुजानगढ़ जा रही राजस्थान रोडवेज की बस ट्रेलर से भिड़ी, 12 यात्री घायल

सीकर के रानोली थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर जयपुर से सुजानगढ़ जा रही राजस्थान रोडवेज की बस ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। सभी को पलसाना ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
2 min read
Google source verification

सीकर

image

Kamal Mishra

Aug 07, 2026

sikar Bus accident

Sikar Bus Accident: हादसे में क्षतिग्रस्त बस (फोटो-पत्रिका)

सीकर। जिले के रानोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। जयपुर से सुजानगढ़ जा रही राजस्थान रोडवेज की बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस और एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से पलसाना के राजकीय ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। अधिकांश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे रानोली थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर हुआ। राजस्थान रोडवेज की बस जयपुर से सुजानगढ़ की ओर जा रही थी। बस में कुल 34 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रही रोडवेज बस समय रहते नहीं रुक सकी और ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।

टक्कर से बस का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त

हादसा इतना तेज था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री सीटों पर ही फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तुरंत बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस, एनएचएआई की रेस्क्यू टीम और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ये यात्री हुए घायल

दुर्घटना में मयंक, ओमप्रकाश, सचिन, धर्मेंद्र, शंकर, शीशराम, अंतिमा, चंदा, पदमा, राज वर्मा सहित करीब 12 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को पलसाना के राजकीय ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी भी घायल की स्थिति गंभीर नहीं है और अधिकांश खतरे से बाहर हैं।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही रानोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रेलर को हटवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक एनएच-52 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, लेकिन बाद में यातायात सामान्य कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी घायलों को समय रहते उपचार मिल गया।