23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘हेलो…हेलो मैं कलक्टर बोल रहा हूं’, सीकर कलक्टर ने सीधे परेशान जनता को लगाया कॉल, फिर इंजीनियर को दिए ये निर्देश

Collector Directly Call On Public Complaints: सीकर में जनसमस्याओं के समाधान की हकीकत जानने के लिए जिला कलक्टर आशीष मोदी ने खुद फरियादियों को फोन कर फीडबैक लिया। पानी-बिजली से जुड़ी शिकायतों पर सीधे बात करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Akshita Deora

Apr 23, 2026

Sikar Collector News

कॉल करते कलक्टर का फोटो: पत्रिका

Sikar District Collector Ashish Modi: हेलो…हेलो मैं सीकर जिला कलक्टर आशीष मोदी बोल रहा हूं। आप फूलचंद बोेल रहे है। हां साहब मैं फूलचंद ही बोल रहा हूं। आपने पानी की सप्लाई नियमित नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आपकी समस्या का समाधान हुआ या नहीं। इस पर जवाब मिला कि अभी ज्यादा सुधार नहीं है। इस पर कलक्टर ने जलदाय के अधीक्षण अभियंता को मौके पर जाकर समाधान कराने के निर्देश दिए।

कलक्टर ने कहा कि यदि तीन दिन में समाधान नहीं हो तो आप मुझे वापस फोन करके बताना। इसके बाद कलक्टर ने अजीतगढ़ के हथोरा निवासी गजेंद्र सिंह के सरकारी ट्यूबवेल पिछले 15 दिनों से खराब होने, दांता के राजेंद्र सिंह की क्षेत्र का हैंडपंप सात दिनों से खराब होने की शिकायतों को सुना। कलक्टर का खुद फोन कॉल आने पर फरियादी अचिम्भत नजर आए।

कलक्टर साहब…मेरी वीसीआर फर्जी भरी है

जिला कलक्टर ने श्रीमाधोपुर इलाके के थोई निवासी लोकेश सैनी को भी कॉल किया। लोकेश सैनी ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से गलत तरीके से वीसीआर भरी है। इस पर कलक्टर ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को मामले की जांच करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

कई बोले…हो गया समाधान, एक ने नहीं उठाया फोन

कई फरियादियों ने जिला कलक्टर को कहा कि हमारी समस्या का पिछले दिनों समाधान हो चुका है। वहीं एक फरियादी ने फोन रिसिव नहीं किया। गर्मी के मौसम की वजह से पहले दिन जिला कलक्टर ने बिजली-पानी से जुड़ी शिकायतों के फरियादियों को फोन किया।

दावों की हकीकत अब आएगी सामने

सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वालों की अब पोल खुलेगी। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने बुधवार से सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों के समाधान के लिए खुद फरियादियों को फोन कर हकीकत जानना शुरू कर दिया है।

बुधवार को जिला कलक्टर ने पानी-बिजली की शिकायतों से जुड़े छह फरियादियों को फोन किए। इस दौरान प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रामकुमार चाहिल, विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता सुभाष देवंदा आदि मौजूद रहे।

जारी रहेगी पहल, फरियादियों को मिलेगी राहत: कलक्टर

जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों के फरियादियों से बातचीत की पहल लगातार जारी रहेगी। सरकार की मंशा के अनुसार सभी फरियादियों की समस्या का समय पर समाधान कराने के लिए जिला प्रशासन टीम मुस्तैद है।
आशीष मोदी, जिला कलक्टर, सीकर