
सीकर. जिला मुख्यालय के नजदीक रामू का बास तिराहे पर जयपुर-सीकर हाईवे जाम किए बैठे सैकड़ों किसानों को गुरुवार दोपहर ढाई बजे तक भी नहीं हटाया जा सका। जाम के कारण अभी भी हजारों यात्री सैकड़ों वाहनों में फंसे हुए हैं। सीकर व जयपुर और बीकानेर रोड पर वाहनों की लम्बी कतारें लगी हुई हैं। किसानों के इस जाम से न केवल सामान्य यात्री बल्कि खाटूश्यामजी के फाल्गुन लक्खी मेले 2018 में हिस्सा लेने खाटूधाम जा रहे श्याम भक्त भी प्रभावित हो रहे हैं।
श्याम पदयात्री को निकलने की छूट
रामू का बास तिराहे पर जाम लगाए बैठे किसान वहां से किसी भी वाहन को नहीं गुजरने दे रहे हैं। हालांकि खाटू मेले में जा रहे श्याम भक्तों में भी सिर्फ पदयात्रियों को ही जाने का रास्ता दिया जा रहा है। इन भक्तों में वाहन लेकर आने वालों को रोका जा रहा है। इसके अलावा एम्बुलेंस को भी जाम से छूट दे रखी है।
हर्ष के रास्ते खाटू जा रहे श्याम भक्त
खाटूश्यामजी का लक्खी मेला 2018 इस बार 17 फरवरी से शुरू हुआ है, जो 27 फरवरी तक चलेगा। इस बारह दिवसीय मेले का गुुरुवार छठा दिन है। चहुंओर से श्रद्धालुओं के जत्थे खाटू की ओर जा रहे हैं। गुरुवार सुबह सीकर के पास रामू का बास तिराहे पर जाम लगने के कारण श्याम भक्तों के कई जत्थों ने अपना मार्ग सीकर, पलसाना व रींगस की बजाय हर्ष की तरफ से कर लिया।
ये अधिकारी मौके पर
किसान सुबह विधानसभा घेराव के लिए जयपुर कूच कर रहे थे। पुलिस ने रामू का बास तिराहे पर उन्हें रोक लिया। इससे खफा किसानों ने वहीं पर जयपुर हाईवे को जाम करके बैठ गए। सीकर एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह, डीएसपी गिरधारी लाल शर्मा समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस अधिकारी किसानों से जाम खोलने की समझाइश कर रहे हैं।
Updated on:
22 Feb 2018, 9:04 PM IST
Published on:
22 Feb 2018, 3:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.