
AI Generated photo
सीकर। 12वीं बोर्ड परीक्षा के बीच घर से लापता हुआ 17 वर्षीय छात्र गुजरात के चिकोदरा से सकुशल बरामद कर लिया गया है। शेयर मार्केट व यूएसडीटी ट्रेडिंग के प्रति आकर्षण में वह दो परीक्षा देने के बाद घर छोड़कर चला गया था। उद्योग नगर थाना पुलिस ने चतुराई से खुद एजेंट बनकर उससे संपर्क किया और लोकेशन ट्रेस कर सुरक्षित कब्जे में लिया।
उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश बुडानिया ने बताया कि हरियाणा निवासी छात्र सीकर में पढ़ते हुए 22 फरवरी को दोस्तों के पास जाने की कह घर से निकला था, जो वापस नहीं लौटा। इससे पहले उसने पिता को फोन पर “पापा बचा लो, ये लोग मारेंगे” का मैसेज भी किया था। उसके बाद से उसका मोबाइल बंद मिला।
जांच में सामने आया कि छात्र घर से करीब 30 हजार रुपए लेकर गया था। ट्रांसपोर्ट कारोबारी पिता के बैंक खाते से भी ढाई से तीन लाख रुपए ऑनलाइन निकाल चुका था। दोस्तों से पूछताछ में पता चला कि वह शेयर मार्केट और यूएसडीटी ट्रेडिंग के जरिए डॉलर में कमाई की बातें करता था। इसी आधार पर थानाधिकारी ने ट्रेडिंग एजेंट बनकर उससे सोशल मीडिया के जरिये संपर्क साधा और उससे लोकेशन मंगाकर उसे चिकोदरा से बरामद कर लिया।
Published on:
26 Feb 2026 04:03 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
