
राजस्थान में मणिपुर से भी खतरनाक हालात, हल्की खरोंच पर पट्टी बांधकर फोटो सेशन करवा रहे सीएम: सिंह
सीकर. भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा है कि राजस्थान में मणिपुर से भी ज्यादा खतरनाक हालात है। यहां हर दिन हत्या व बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही है। पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहानुभूति लेने के लिए हल्की सी खरोंच पर ही पट्टी बांधकर बैठ गए हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हैं और वे मंत्रियों को अगल-बगल में बिठाकर फोटो शूट करवा रहे हैं। सिंह पीएम मोदी की 27 जुलाई को प्रस्तावित जन सभा की तैयारियों को लेकर सीकर आए थे। जहां सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि करौली में गैंगरेप के बाद पीडि़ता को गोली मारकर व तेजाब से जलाकर मारा जाता है और पुलिस उसी की मां को धमकाती है। कांग्रेस के विधायक भी उस पर हंसते हैं। बोले, जिस सरकार के मंत्री ही ‘मर्दों के प्रदेश में रेप तो होंगे ही‘ जैसे बयान देते हैं, उस सरकार में अब जंगलराज हो गया है। पीएम मोदी के हिंसाग्रस्त मणिपुर जाने बजाय राजस्थान के दौरे पर सीएम गहलोत के उठाए सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम गहलोत को शर्म आनी चाहिए। दुष्कर्म व अपराधिकरण में नम्बर वन होने पर भी उन्हें अपने प्रदेश की बजाय मणिपुर की चिंता है। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा, सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया, सभा प्रभारी व पूर्व सांसद सीआर चौधरी, ओमप्रकाश बढाना, पूर्व सांसद नारायण पंचारिया पूर्व विधायक रतन जलधारी, प्रेम सिंह बाजौर, भाजपा किसाना मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां, जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष स्वदेश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रतन सैनी आदि मौजूद रहे।
मोदी सरकार किसानों के मसीहा, गहलोत वादा खिलाफ
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पीएम मोदी को किसानों का मसीहा बताया। किसान सम्मान निधी, एमएसपी वृद्धि, फसल बीमा सरीखी योजनाएं गिनाते हुए उन्होंने कहा कि किसान पीएम मोदी की नीतियों के केंद्र में है। जिन्होंने खेत में उत्पादन व सिंचाई से लेकर उपज वितरण तक पर ध्यान दिया है। जबकि कर्ज माफी का वादा कर सत्ता में आई गहलोत सरकार ने अब तक उसे पूरा नहीं किया। बिजली के दाम 9 बाद बढ़ाने के साथ बाजरे की खरीद नहीं की। बोले, 19 हजार किसानों की जमीन कुर्क हो चुकी है। पर सीएम गहलोत सुध नही ले रहे। प्रदेश में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार के बाद सत्ता में आते ही भाजपा सबसे पहले किसानों की चिंता करेगी। कांग्रेस के आगामी विधानसभा चुनाव के जीत के दावों पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के फॉच्र्यूनर में बैठने जितने विधायक भी नहीं जीतेंगे।
भ्रष्टाचारियों का बेमेल गठबंधन
विपक्ष के इंडिया गठबंधन के सवाल पर सिंह ने उसे भ्रष्टाचारियों का बेमेल संगठन बताया। कहा कि अलग- अलग राज्यों के हिसाब से देखें तो यह संगठन विपक्ष को लाभ देने वाला नहीं है। प्रदेश में भाजपा के मुख्यमंत्री के चहरे के सवाल पर उन्होंने इसे संसदीय बोर्ड द्वारा तय होने वाला फैसला बताया।
Published on:
23 Jul 2023 02:23 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
