
स्टूडेंट ने भाई के साथ मिलकर शिक्षिका व सहेली से ठगे 33.38 लाख रुपए
सीकर. दुबई की कंपनी में निवेश के नाम पर स्टूडेंट ने भाई के साथ मिलकर अपनी शिक्षिका व सहेली से 33.38 लाख रुपए ठग लिए। पीडि़तों ने इस संबंध में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है। जिसमें भाई- बहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रुपए वापस दिलाने की मांग की है। एक रिपोर्ट में वार्ड 15 में विक्रम स्कूल के पीछे निवासी मोहम्मद शाहरूख पुत्र मोहम्मद फारूख निर्वाण ने बताया कि उसकी पत्नी नाजिया की जमीदारान मोहल्ला निवासी सहेली शगुफ्ता अप्रेल 2022 में उनके घर आई थी। जिसने भाई आमीर सोहेल के दुबई में विटविंज कंपनी में काम करने की बात कहते हुए उस कंपनी में निवेश पर अच्छे लाभ की बात कही। उसने आमीर के दुबई की कम्पनी के पहचान पत्र व अन्य फीचर्स दिखाकर वाट्सएप पर उससे बात भी करवाई। जिसमें आमीर ने ज्यादा निवेश पर ज्यादा लाभ का झांसा दिया। बहकावे में आकर दोनों पति-पत्नी ने अलग- अलग समय पर कुल 32 लाख 52 हजार 664 रुपए उन्हें निवेश के लिए दे दिए। जिनमें से 12 लाख 60 हजार 320 रुपए तो वापस लाभ के रुप में दे दिए, लेकिन पिछले तीन महीने से उन्होंने रुपए भेजना बंद कर दिया। संपर्क करने पर वे जानबूझकर रुपए हड़पने व उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। रिपोर्ट में बकाया 19 लाख 92 हजार 344 रूपये दिलवाने व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
शिक्षिका को भी बनाया शिकार
इधर, वार्ड 13 की मोहल्ला हुसैनगंज निवासी फरहा पत्नी मो. आसिफ ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है। जिसमें उसने बताया कि वह पूर्व में निजी स्कूल में शिक्षक थी। शगुफ्ता उसकी विद्यार्थी थी। पिछले साल मई महीने में वह उसके घर गई थी तो उसने भाई आमीर सोहेल का पहचान पत्र व अन्य फीचर्स दिखाकर कंपनी में निवेश का झांसा दिया। आमीर के बहकावे में आकर उसने उसे एजेन्ट फुरकान तगाला पुत्र नदीम तगाला को 24.74 लाख रुपए निवेश के लिए दे दिए। जिनमें से 11.28 लाख रुपए लाभ के नाम पर वापस दे दिए। इस बीच शगुफ्ता शादी करके मुम्बई चली गई और उसे रुपए मिलना बंद हो गया। अब बात करने पर आरोपी रुपए देने से मनाकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। रिपोर्ट में बकाया 13 लाख 46 हजार 600 रूपये वापस दिलाने की मांग की गई है।
Updated on:
04 Oct 2023 02:09 pm
Published on:
04 Oct 2023 02:07 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
