
यादवेंद्रसिंह राठौड़
सीकर । जमीन के विवाद में दादिया थाना पुलिस की ओर से शांतिभंग में गिरफ्तार किए गए युवक से अमानवीयता करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जहां पीडि़त को हाथ पैर बांध कर पीटा वहीं जमानत मांगने पर तहसीलदार ने युवक को मुर्गा बना दिया और पुलिस से पिटवाया। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीडि़त ने इसकी शिकायत आईजी, संभागीय आयुक्त, कलक्टर सहित उच्चाधिकारियों से की है। हालांकि पुलिस व तहसीलदार ने इस तरह की घटना से इनकार किया है।
कुड़ली के पास स्थित जमीन को लेकर कटराथल निवासी मुकेश कुमार भास्कर और उसकी रिश्तेदार रशीदपुरा निवासी सरोज देवी के बीच विवाद चल रहा है। जमीन पर की गई तारबंदी काटने के मामले में पुलिस ने मुकेश को शांतिभंग में गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित मुकेश को आठ अक्टूबर को दादिया थाने में बुलाया। पुलिस ने शांतिभंग में मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। थाने के कांस्टेबल जयसिंह व कांस्टेबल दिलीप ने मुकेश के दोनों हाथ बांध दिए तथा जमकर मारपीट की।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक पुलिस ने मुकेश को आठ अक्टूबर की रात 10.38 बजे सीकर तहसीलदार सज्जन कुमार लाटा के समक्ष उनके सांवली सर्किल स्थित निवास पर पेश किया। यहां तहसीलदार ने पीडि़त से गाली-गलौच की और उसे निवास के मुख्य गेट पर बीच सडक़ पर मुर्गा बना दिया। पीडि़त का आरोप है कि तहसीलदार ने पुलिसकमियों को कहा कि इसको अंधेरे में ले जाकर अक्ल ठीक करो। पुलिसकर्मियों ने जमकर मारपीट की। पीडि़त ने मुर्गा बनाने की सीडी कलेक्टर सौरभ स्वामी व आईजी सत्येंद्रसिंह को भी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
कांस्टेबल ने जमानत के बाद ली तलाशी
मुकेश जमानत लेकर रात करीब 11 बजे परिचितों के साथ राधाकिशनपुरा आरओ प्लांट पर आ गया। आरोप है कि दादिया थाने के पुलिसकर्मी जयसिंह व दिलीप उसके पास आए और कथित रूप से पैसे मांगे। इसके बाद दिलीप ने मुकेश की तलाशी ली।
कार्रवाई करेंगे
मेरे पास शिकायत आई होगी तो मैंने उसे जांच के लिए संबंधित एसडीएम को भेज दिया होगा। मामले की जांच होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सौरभ स्वामी, कलेक्टर, सीकर
मैंने तो उसे जमानत दी थी
मैंने तो मुकेश कुमार भास्कर की जमानत ली थी, उसकी तो सिफारिश भी आई थी, मैंने उसे मुर्गा नहीं बनाया है। आपके पास सीसीटीवी फुटेज है तो आप मुझे भेज दीजिए।
-सज्जन कुमार लाटा, तहसीलदार, सीकर
दबाव बनवा रहा है...
आरोपी मुकेश ने दूसरे पक्ष की सरोज देवी की रजिस्ट्रीशुदा जमीन की दो बार तारबंदी काट दी है। ऐसे में आरोपी को शांतिभंग में गिरफ्तार कर पाबंद किया गया था। अब वह दबाव बनाने के लिए अपने एक जानकार अधिकारी से भी बार-बार फोन करवा रहा है। मामले में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है।
-मुकेश कुमार, थानाधिकारी दादिया
Published on:
17 Oct 2023 08:28 am

