
rani alert in rajasthan: राजस्थान में ये सप्ताह बारिश वाला रहेगा। हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से ऐसा होगा। जिसकी शुरूआत सोमवार से होगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पहले दो दिन हल्की बारिश होगी। इसके बाद दो दिन मौसम साफ रहने के बाद नया पश्चिमी विक्षोभ फिर बरसात लाएगा। इस संबंध में मौसम विज्ञान केंद्र ने संभागवार अलर्ट जारी किया है।
इस सप्ताह यहां होगी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार व मंगलवार को जयपुर, अजमेर, भरतपुर तथा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर व जोधपुर संभाग में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 28 व 29 फरवरी को मौसम साफ रहेगा। पर इसके बाद फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसके असर से 1 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर व जोधपुर संभागो में बारिश होगी। दो मार्च को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा व अजमेर तथा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर व जोधपुर संभाग में बारिश होगी। मौसम केंद्र के अनुसार इस दौरान बारिश की गति हल्की ही रहने की संभावना है।
तेज हवाएं चली, बढ़ा पारा
इससे पहले बादल छाए रहने से अंचल के तापमान में फिर बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। शेखावाटी के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र में इस दौरान तेज हवाओं के बीच न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री की बढ़त के साथ 12 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से आगामी दिनों में भी तापमान बढ़ा हुआ रहेगा।
Published on:
26 Feb 2024 11:15 am
