7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कार की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत, दोनों वाहन जलकर राख

पिपराली गांव के आगे भैंरुजी स्टैंड, अमरनाथ सेवा समिति आश्रम के पास हुई दुर्घटना, कार सवार चारों युवक मौके से भागे

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Yadvendra Singh Rathore

image

Yadvendra Singh Rathore

Apr 07, 2026

पिपराली गांव के आगे भैंरुजी स्टैंड, अमरनाथ सेवा समिति आश्रम के पास हुई दुर्घटना, कार सवार चारों युवक मौके से भागे

सीकर. दादिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए पीछे से दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। दोनों भाई कई फीट ऊपर उछलकर दूर-दूर सड़क पर गिरे और वहीं दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि मोटरसाइकिल कार के नीचे फंस गई और करीब 100 फीट तक घसीटती चली गई। मोटरसाइकिल की रगड़ से चिंगारियां उठीं और कार व बाइक कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गईं। दादिया थाना पुलिस व दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। पुलिस ने सड़क के दोनों ओर लगे लंबे जाम को खुलवाया।

कार चालक ने पीछे से टक्कर मारी, 100 फीट घसीट ले गया बाइक

पुलिस थाना दादिया के एएसआई धौलाराम ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे सीकर से नीमकाथाना जाने वाली सड़क पर भैंरुजी स्टैंड, अमरनाथ सेवा समिति आश्रम के पास यह हादसा हुआ। दोनों चचेरे भाई गांव लक्खीपुरा पुरोहिता का बास से रघुनाथगढ़ की ओर जा रहे थे। कार और मोटरसाइकिल सीकर से उदयपुरवाटी की ओर जा रहे थे। तेज गति और लापरवाही से कार चला रहे चालक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। कार चालक ने ब्रेक भी नहीं लगाए। एक युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिरा, जबकि दूसरा भाई सड़क से दूर जा गिरा। घटना में बाइक पर सवार रामचंद्र गोस्वामी (39) पुत्र श्रवण पुरी और मुकेश कुमार गोस्वामी (30) पुत्र मूलचंद गोस्वामी, निवासी लक्खीपुरा पुरोहित का बास, सीकर की मौत हो गई। दोनों युवक एक ही परिवार के थे और रिश्ते में चचेरे भाई लगते थे। श्री कल्याण अस्पताल सीकर की मोर्चरी में शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

तीन बहनों का इकलौता भाई था मुकेश

दोनों युवक टाइल्स व मार्बल लगाने का काम करते थे और ज्यादातर एक साथ ही काम पर जाते थे। मृतक मुकेश कुमार गोस्वामी के पिता मूलचंद गोस्वामी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उसके चार बेटियां हैं और पत्नी सुमन गर्भवती हैं। मुकेश की तीन बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी दो महीने बाद 21 जून को तय थी। मुकेश और उसका परिवार बहन की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। परिवार का सारा भार उसी के कंधों पर था। वहीं मृतक रामचंद्र गोस्वामी सात बहनों और तीन भाइयों सहित कुल 11 भाई-बहनों में से एक थे। उनके एक बेटी और दो बेटे हैं। मुकेश कुमार ने एक साल पहले ही नई मोटरसाइकिल खरीदी थी।

कार सवार भाग गए

कार हरियाणा नंबर की थी, जिसका नंबर HR 35 U 8897 है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक और उसके तीन साथियों ने शुरू में कार पर मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझा सके। मौके पर राहगीरों और लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देख कार सवार पैदल ही भाग खड़े हुए। राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी।