
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका
सीकर. गोकुलपुरा थाना क्षेत्र से रविवार सुबह 10 साल के मासूम का अपहरण उसकी मां ने ही किया था। पुलिस ने मामले में बच्चे की मां और उसका सहयोग करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे के अपहरण के महज पांच घंटे के अंदर 400 किलोमीटर दूर राजसमंद जिले के दिवेर थाना क्षेत्र से बच्चे को दस्तयाब कर आरोपी बच्चे की मां व एक अन्य को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गोकुलपुरा पुलिस थाना पर रविवार सुबह करीब 10:50 पर 10 साल के मासूम लड़के की बुआ अपने बेटे के साथ पहुंची और अपने 10 वर्षीय भतीजे का घर के बाहर से अपहरण होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई की एक 17 वर्षीय लड़की और दो लड़के एक 12 साल व एक 10 साल का भतीजा उनके संरक्षण में रह रहे हैं। सुबह 10 बजे एक सफेद रंग की गाड़ी में आए लोग उसका अपहरण कर ले गए थे। आरोपी बिना नंबर की कार लेकर आए थे। एसपी ने गोकुलपुरा थानाधिकारी व प्रोबेशनर आरपीएस विजयपाल यादव के नेतृत्व में टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने पुलिस ने 5 घंटे में राजसमंद के भीम तहसील के दिवेर थानाधिकारी दौलतसिंह, गोकुलपुरा थाना के एएसआई पवन कुमार, कांस्टेबल ओमप्रकाश, अजय कुमार, हंसराज की मदद से बच्चे को दस्तयाब कर लिया था।
आरोपी महिला ने बताया कि वह 10 साल की मासूम लड़के की मां है। करीब तीन साल पहले पति से विवाद होने के बाद वह अपने तीनों बच्चों को छोड़कर पहले कोटा चली गई थीं। वहां पर रहकर उसने नौकरी की। इसके बाद नौकरी छोड़कर अपने पीहर आ गई। महिला को अपने छोटे बेटे से लगाव था, इसलिए वह चाहती थी कि बेटा उसे मिल जाए। बेटा लेने के लिए कई बार उसने अपने पति और कुचामन स्थित अपने ससुराल के लोगों से बातचीत की, लेकिन वह नहीं माने। ससुराल वालों ने तीनों बच्चों को पालन-पोषण व पढ़ाई के लिए सीकर में बुआ के यहां भेज दिया था।
ऐसे में महिला ने प्लान बनाया कि वह खुद के बच्चे का अपहरण करेगी। इसके बाद उसने अपने पीहर के एरिया के रहने वाले युवक को अपने साथ शामिल करते हुए बेटे का किडनैप कर लिया। महिला गांवों के रास्ते के जरिए अपने बेटे को उदयपुर लेकर जाना चाहती थी। लेकिन राजसमंद के भीम एरिया में ही दोनों आरोपियों को पकड़ते हुए बच्चे को दस्तयाब कर लिया गया।
Published on:
07 Apr 2026 01:04 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
