24 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिस हर्ष पहाड़ के दुर्घटनाग्रस्तों के लिए अस्पताल की मांग की, उसी पहाड़ से गिरने पर युवक की मौत

हर्ष पहाड़ी हादसों का हिल स्टेशन बनता जा रहा है। रविवार को भी पहाड़ी से गिरने पर 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Sachin Mathur

Aug 02, 2021

जिस हर्ष पहाड़ के दुर्घटनाग्रस्तों के लिए अस्पताल की मांग की, उसी पहाड़ से गिरने पर युवक की मौत

जिस हर्ष पहाड़ के दुर्घटनाग्रस्तों के लिए अस्पताल की मांग की, उसी पहाड़ से गिरने पर युवक की मौत

सीकर. हर्ष पहाड़ी हादसों का हिल स्टेशन बनता जा रहा है। रविवार को भी पहाड़ी से गिरने पर 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हर्ष गांव निवासी सुनील गुर्जर शनिवार सुबह हर्ष पर घूमने गया था। वापस लौटते समय पैर फिसलने से वह पत्थरों में गिर गया। जिसे घायल अवस्था में एसके अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर किया गया। जहां एसएमएस अस्पताल में रविवार को उसने दम तोड़ दिया। खास बात ये भी है कि सुनील हर्ष पहाड़ पर हादसे के शिकार लोगों के उपचार के लिए गांव में सरकारी अस्पताल की मांग कर रहा था। इसके लिए गांव में चल रहे अभियान के तहत वह ग्रामीणों के साथ विधायक व कलक्टर को ज्ञापन भी दे चुका था।

20 फीट नीचे गिरा
सुनील हर्ष की पहाड़ी पर शिव मंदिर में दर्शन के लिए गया था। वहां से अपने दोस्तों के साथ वापस आ रहा था। इसी दौरान सीधी पहाड़ी से फिसलने पर वह करीब 20 फीट नीचे आकर गिरा। हादसे में बुरी तरह लहूलुहान हो गया। जिसे दोस्तों व नजदीकी लोगों की मदद से एसके अस्पताल पहुंचाया गया।

पिता की मौत के बाद बुझा इकलौता चिराग
सुनील की मौत से घर का इकलौता चिराग बुझ गया। हाल में 12वीं पास करने वाला सुनील तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। दो बहनों में एक 12 साल की प्रियंका व दूसरी आठ साल की ट्विंकल है। मजदूरी करने वाले पिता की भी आठ साल पहले मौत हो चुकी है। ऐसे में परिवार पर दुखों का भारी पहाड़ टूट पड़ा है।

अब ज्यादा खतरनाक हुआ घूमना
हर्ष पर घूमना अब ज्यादा खतरनाक हो गया है। क्योंकि सड़क टूटी होने की वजह से प्रशासन ने आंतरी गांव से हर्ष मंदिर तक करीब 9 किमी रास्ते में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। ऐसे में लोगों को पैदल मंदिर जाना पड़ रहा है। अब चूंकि रास्ता लंबा होने की वजह से लोग छोटे रास्ते की तलाश में पहाड़ी का सीधा रास्ता अपना रहे हैं, जो बरसात में फिसलन से ज्यादा जोखिमभरा हो गया है।