
Chief Minister accepted demand of MLAs in Paduka distribution
सिंगरौली. जिले के एक दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ऊर्जाधानी को कई सौगातें दे गए। स्थानीय विधायकों की मांग पर सरई और बरगवां को मिलकर एक उपखंड बनान की घोषणा की। निगरी को उप तहसील का दर्जा देने का ऐलान किया। बुधवार को सरई तहसील के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा में सीएम ने कहा कि वे सभी मांग पूरी करेंगे। साथ ही निगरी में महाविद्यालय और खुटार, रजमिलान व माड़ा में सीएम राइज स्कूल खोलने का भी आश्वासन दिया। बोले सरई बायपास सडक़ पर भी विचार किया जाएगा।
बहनों ने भाई सीएम को दी राखी
मुख्यमंत्री सरई में चरणपादुका योजना के शुभारंभ और महिला सम्मेलन में पहुंचे थे। वहां उन्होंने वनोपज संग्रहण करने वाले हितग्राहियों को योजना का लाभ दिया। महिलाओं को उनके उत्थान के लिए लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। शासन की दूसरी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। सरई में कार्यक्रम के दौरान बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी भी भेंट की। वनमंत्री विजय शाह, सांसद रीती पाठक, सिंगरौली विधायक रामलल्लू वैश्य, देवसर विधायक सुभाष रामचरित्र, चितरंगी विधायक अमर सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, रणवीर सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसुमिरन गुप्ता, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी, डीआईजी मिथलेश शुक्ला व कलेक्टर अरूण परमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हितग्राहियों को पहनाई चरणपादुका
मुख्यमंत्री ने सरई में चरण पादुका योजना का शुभारंभ करते हुए हितग्राहियों को अपने हाथों से चरण पादुका पहनाई। साथ ही उन्हें पानी की बोतल व वस्त्र उपहार स्वरूप भेंट किया। कहा, जब भाई मुख्यमंत्री हो तो बहन नंगे पांव जंगल क्यों जाएगी। उसके लिए चरण पादुका प्रदान की जा रही है। जंगल में बहन प्यासी न रहें, इसलिए पानी की कुप्पी भी दी जाएगी। सीएम शिवराज ने कहा, वैढऩ में संत रविदास की यात्रा का शुभारंभ किया है। संत रविदास का कहना था कि राज ऐसा होना चाहिए, जहां सबके लिए अन्न हो। कोई छोटा बड़ा ना हो, सब समान हों। यही वजह है कि वे प्रदेश की गरीब जनता को ही भगवान मानते हैं। दीन दुखी की सेवा भगवान की पूजा से भी बढकऱ है। केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार दोनों गरीबों की सेवा कर रही हैं। गरीबों के लिए पक्का मकान बनाने की योजना बनाई गई है। जिनके पास जमीन नहीं है, उन्हें भू-अधिकार आवास योजना के तहत भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। जरूरत पड़ी तो खरीद कर जमीन दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बहनों का किया गुणगान
महिलाओं से संवाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल योजना नहीं एक क्रांति है। इसने बहनों का जीवन बदल दिया है। योजना से मिलने वाली राशि को रुपए के रूप में नहीं देखें, यह महिलाओं के लिए सम्मान है। योजना शुरू होने के बाद परिवार में अब उन्हें अधिक सम्मान दिया जा रहा है। बहनों के सशक्तिकरण के लिए हर गांव में लाड़ली बहना सेना गठित करने की भी जानकारी दी। कहा, यह सेना लाड़ली बहना योजना सहित शासन की सभी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करेगी और वंचित महिलाओं का लाभ दिलाएगी। महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करते हुए कहा कि स्व सहायता समूह की महिलाओं की आमदनी को न्यूनतम 10 हजार रुपए प्रति माह की जाएगी। बोले-बहनों को पंचायतराज संस्थाओं और नगरीय निकायों के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया गया। ताकि समाज में भी उनकी भागीदारी बढ़े। आज हजारों बहनें समाज का नेतृत्व कर रही हैं।
शिक्षक और पुलिस सहित अन्य भर्ती में भी महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है। महिलाओं के साथ गलत काम करने वालों को फांसी पर लटकाने और उनके घरों में बुलडोजर चलवाने की भी चेतावनी दी। कहा कि बहनों के सम्मान को कोई ठेस ना लगे, इसके लिए शराब के सभी अहाते बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अन्य कई योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि वे उनके साथ है। ये साथ आगे भी बना रहे। इसके लिए अब सभी को उनका साथ देना होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह से दोनों हाथ उठाकर उनका साथ देने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। कहा कि अब साथ देने की बारी आप सबकी है।
इन योजनाओं का भी जिक्र
- अब प्रदेश के किसानों को शून्य ब्याज दर पर फसल ऋण दिया जा रहा है।
- किसानों को केंद्र और राज्य से प्रतिवर्ष 6-6 हजार रुपए दिए जा रहे हैं।
- सीएम राइज स्कूलों में प्राइवेट स्कूलों से बेहतर शिक्षा की व्यवस्था होगी।
- बच्चों को नि:शुल्क किताब व साइकिल के साथ लैपटॉप व स्कूटी दी गई।
- मेधावी छात्रों के उच्च शिक्षा कीफीस सरकार द्वारा जमा किया जा रहा है।
- प्रदेश में एक लाख पदों पर भर्ती जारी है, 50 हजार पदों पर और भर्ती होगी।
- तीर्थ दर्शन योजना में अब बुजुर्गों को हवाई यात्रा से तीर्थदर्शन कराया जाएगा।
रिहंद माइक्रो सिंचाई परियोजना का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने सरई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 648 करोड़ की रिहंद माइक्रो सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना से 126 गांव में 38 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी। पॉलीटेक्निक कॉलेज के नए भवन का लोकार्पण भी किया गया।
गुदुंब बाजा से सीएम का स्वागत
सरई में मुख्यमंत्री का गुदुम्ब बाजा, शैला व गेंड़ी नृत्य से स्वागत किया गया। लाड़ली बहना सेना और जनजाति हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री को मोर पंख की पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में ये भी रहे शामिल
विधायक कुंवर सिंह टेकाम, पूर्व विधायक विश्वमित्र पाठक, प्यारेलाल कवर, गिरीश द्विवेदी, पूर्व विधायक राजेंद्र मेश्राम, वीरेंद्र गोयल, राजकुमार दुबे, रमापति जायसवाल, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन जेएन कंसोटिया, एडीजीपी केपी वेंकटेश्वर राव
Published on:
27 Jul 2023 01:03 am
बड़ी खबरें
View Allसिंगरौली
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
