18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिस शहर ने रेकॉर्ड मतों से जीत दिला कर बनाया महापौर, वहीं आप प्रत्याशी की जब्त हो गई जमानत

शहर के केवल सात बूथों पर मिला 100 या इससे अधिक मत, वहां भी भाजपा या कांग्रेस प्रत्याशी आगेआम आदमी पार्टी की प्रत्याशी और महापौर रानी अग्रवाल अपने बूथ पर ही हारी, कांग्रेस प्रत्याशी का भी यही हाल ....

3 min read
Google source verification
city made mayor by win with record of vote, AAP candidate confiscated

city made mayor by win with record of vote, AAP candidate confiscated

सिंगरौली. विधानसभा चुनाव के परिणाम में कई चौकाने वाले परिवर्तन देखने को मिले हैं। छह महीने पहले हुए निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की महापौर प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने चुनाव जीत कर जहां प्रदेश को पार्टी की शानदार इंट्री कराई थी। वहीं विधानसभा चुनाव में पार्टी एक झटके में बाहर भी हो गई है।

महापौर का चुनाव जीतने के बाद रानी अग्रवाल को आप का न केवल प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। बल्कि निकाय चुनाव जैसा ही परिणाम लाने की उम्मीद में यहां सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र का प्रत्याशी भी बनाया गया, लेकिन स्थिति यह रही कि निकाय चुनाव में रेकॉर्ड तोडऩे वाली रानी अग्रवाल विधानसभा चुनाव में अपने बूथ से भी जीत नहीं दर्ज कर पाईं। सिंगरौली में कांग्रेस प्रत्याशी का भी यही हाल है। वे भी अपने बूथ पर चुनाव हार गई हैं।

महापौर और सिंगरौली की आप प्रत्याशी रानी अग्रवाल को शहर के 187 बूथों में से केवल सात बूथों पर 100 या इससे अधिक मत मिले हैं। यह बात और है कि इन बूथों पर भाजपा या फिर कांग्रेस की प्रत्याशी ने सबसे अधिक मत प्राप्त किया है। आप प्रत्याशी को सबसे अधिक मत बूथ नंबर 6 में 187 मत, बूथ नंबर 10 में 108, बूथ 12 में 115, बूथ 27 में 102, बूथ नंबर 100 में 112, बूथ 158 में 117 व बूथ नंबर 174 में 100 मत प्राप्त हुए हैं।

बता दें कि निकाय चुनाव में महापौर प्रत्याशी रही रानी अग्रवाल को 34585 मत प्राप्त हुए थे। उन्होंने भाजपा के महापौर प्रत्याशी चंद्र प्रताप विश्वकर्मा को 9405 मत और कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी अरविंद सिंह चंदेल को 9554 मतों से हराया था। चंद्र प्रताप विश्वकर्मा 25180 मत और अरविंद सिंह चंदेल को 25031 मत मिले थे। विधानसभा चुनाव में आप प्रत्याशी रानी अग्रवाल की जमानत राशि जब्त हो गई है। उन्हें केवल 8185 मत प्राप्त हुआ है।

सिंगरौली विस में प्रत्याशियों के बूथ पर ये स्थिति

- भाजपा प्रत्याशी राम बूथ संख्या 113 के मतदाता है। वहां उन्हें सबसे अधिक 353 मत मिले हैं। कांग्रेस प्रत्याशी रेनू शाह को 123 मत, बसपा के चंद्र प्रताप विश्वकर्मा को 48 मत व आम आदमी पार्टी की रानी अग्रवाल को 9 मत मिले हैं।

- कांग्रेस प्रत्याशी रेनू शाह बूथ संख्या 126 की मतदाता हैं। रेनू शाह अपने बूथ पर ही चुनाव हार गई हैं। वहां उनहें 219 मत मिले हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी रामनिवास शाह को 361 मत प्राप्त हुए हैं। बसपा प्रत्याशी चंद्र प्रताप विश्वकर्मा को वहां 21 मत और आप प्रत्याशी रानी अग्रवाल को 70 मत प्राप्त हुए हैं।

- आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल बूथ संख्या 127 की मतदाता हैं। वे अपने बूथ पर चुनाव हार गई हैं। उन्हें केवल 73 मत प्राप्त हुए हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों को उनसे ज्यादा मत मिले हैं। भाजपा के रामनिवास शाह को सबसे अधिक 387 मत और कांग्रेस की रेनू शाह को 248 मत मिले हैं। बसपा के चंद्र प्रताप विश्वकर्मा ने इस बूथ से 15 मत प्राप्त किया है।

- बसपा प्रत्याशी चंद्र प्रताप विश्वकर्मा बूथ संख्या 192 के मतदाता हैं। उन्होंने अपने बूथ से सर्वाधिक 336 मत प्राप्त किया है। भाजपा के रामनिवास शाह को इस बूथ से 206 मत, कांग्रेस की रेनू शाह को 75 और आप प्रत्याशी रानी अग्रवाल को 10 मत प्राप्त हुए हैं।

देवसर व चितरंगी में अपने बूथ पर जीते हैं प्रत्याशी

चितरंगी व देवसर विधानसभा क्षेत्र की स्थिति सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र से अलग हैं। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपने-अपने बूथ पर सर्वाधिक मत प्राप्त किया है। देवसर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी बंशमणि प्रसाद वर्मा बूथ संख्या 25 के मतदाता हैं। उन्हें यहां सबसे अधिक 502 मत प्राप्त हुए हैं। भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र मेश्राम इस बूथ से केवल 69 मत प्राप्त कर सके हैं।

इसी प्रकार चितरंगी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी राधा सिंह बूथ संख्या 98 की मतदाता हैं। यहां उन्हें 234 मत और कांग्रेस प्रत्याशी मानिक सिंह को 123 मत प्राप्त हुआ है। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मानिक सिंह बूथ संख्या 125 के मतदाता हैं और उन्हें यहां सर्वाधिक 389 मत प्राप्त हुए हैं। भाजपा प्रत्याशी राधा सिंह को इस बूथ पर 120 मत प्राप्त हुआ है।