मेडिकल कॉलेज को लेकर कवायद तेज, सीएम जल्द करेंगे शिलान्यासवीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सीएम ने जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा की
सिंगरौली. मेडिकल कालेज की स्थापना का सपना जल्द पूरा होगा। कॉलेज को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। कॉलेज बिल्डिंग के निर्माण कार्य की शुरुआत करने जल्द ही खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिले के दौरे पर आएंगे। प्रशासन की तैयारी के बीच शुक्रवार की सुबह मुख्यमंत्री ने जिले में कानून-व्यवस्था और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान मेडिकल कॉलेज के जल्द शिलान्यास की बात कही है।
समीक्षा से पहले उन्होंने सिंगरौली महोत्सव और इन्वेस्टर्स मीट के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की तारीफ की भी। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अच्छे कार्यों की वह तारीफ करेंगे, लेकिन जनता के साथ गलत हुआ तो सख्त रूख भी अपनाएंगे। समीक्षा के दौरान देवसर विधायक सुभाष रामचरित्र वर्मा व चितरंगी विधायक अमर सिंह के अलावा कलेक्टर राजीव रंजन मीना, अपर पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा व सीइओ जिला पंचायत साकेत मालवीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
325 करोड़ में बनेगा कॉलेज
मेडिकल कॉलेज के लिए 25 एकड़ जमीन नौगढ़ में चिह्नित की गई है। कॉलेज के लिए 325 करोड़ का बजट पूर्व में ही स्वीकृत कर लिया गया है। इनमें से साढ़े 12 करोड़ की राशि केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध भी करा दी गई है। गौरतलब है कि स्वीकृति राशि का 60 फीसदी हिस्सा यानी 195 करोड़ रुपए केंद्र सरकार से मिलने हैं, जबकि बाकी की रकम 130 करोड़ रुपए राज्य शासन को खर्च करना है। अधिकारियों के मुताबिक कॉलेज के लेआउट-डिजाइन को लेकर पूरा कार्य हो चुका है। भवन निर्माण के लिए जल्द ही ठेका प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। निर्माण एजेंसी बिल्डिंग डेवलपमेंट कारपोरेशन को बनाया गया है।
समीक्षा में यह निर्देश भी शामिल
- नगर व जिले का निर्धारित मास्टर प्लान के अनुरूप विकास किया जाए।
- कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने में प्राथमिकता दी जाए।
- मुद्रा योजना सहित अन्य योजनाओं से युवाओं को सहायता दिलाएं।
- युवाओं को तकनीकी रूप में दक्ष बनाकर रोजगार दिलाया जाए।
- जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाई जाए और पेयजल मुहैया कराएं।
- आवास निर्माण के नए प्रस्ताव तैयार कर सभी को पक्का मकान दिलाएं।
- सभी 106 अमृत सरोवर का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।
- कोदो-कुटकी का उत्पादन बढ़ाएं, ब्रांडिंग कर किसानों को मुनाफा दिलाएं।
- स्व-सहायता समूहों को योजनाओं के जरिए अधिक से अधिक काम दिया जाए।
- सीधी-सिंगरौली हाईवे का निर्माण कार्य हर हाल में समय-सीमा में पूरा कराएं।
- आंगनबाड़ी केंद्रों को जिन जनप्रतिनिधियों ने गोद लिया है उनको बेहतर करें।