सिंगरौली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को भाजपा और सरकार को आड़े हाथ लिया। कहा, कांग्रेस बहुत भुगत चुकी है। अब सभी एकजुट हैं। इस बार इतनी अधिक सीट जीत दर्ज कर सरकार बनाएंगे कि खरीद-फरोख्त करने वालों को मौका नहीं मिलेगा।
महाराज भाजपा में भूखे शेर हैं जो लूट खसूट में व्यस्त हैं। जनसंघ से जुड़े लोग नाराज़ भाजपा वाले हैं जो घर बैठे हैं। कांग्रेस नेता सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि भाजपा तीन गुट में बंट गई है। महाराज भाजपा भूखे शेरों की है, जो लूट-खसूट में लगी है। शिवराज भाजपा दलालों की है और नाराज भाजपा जनसंघ से जुड़े उन लोगों की है जिन्हें घर बैठा दिया गया है।
पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह को आड़े हाथ लिया
दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर भी हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी पंचायती राज दिवस पर रीवा आए थे और बड़े-बड़े दावे किए। हकीकत यह है कि कांग्रेस की सरकार द्वारा बनाए गए पंचायती राज कानून को बदल दिया गया है। अब गांव का सरपंच एक-एक पैसे को मोहताज रहता है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों को गिनाया और कहा कि आगे कांग्रेस की सरकार बनेगी और कमलनाथ फिर सब ठीक कर देंगे।
शिवराज मामा खुद को किसान का बेटा बताते हैं। उन्होंने कांग्रेस के ऋण माफी के निर्णय को स्थगित कर दिया। अब अमित शाह को बुलाकर ब्याज माफी की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का नाम लेते हुए कहा कि किसानों की आय भले ही दोगुनी न हुई हो, लेकिन उनकी आय चार गुना जरूर हो गई। महिलाओं के साथ भी छल किया जा रहा है। 20 हजार रुपए खाते में डालने की बात की जा रही है। महिलाएं आवेदन करनेे को लेकर परेशान हैं। योजना न जाने कब शुरू होगी और कब बंद हो जाएगी। तैयारी में ही इतना समय लगेगा कि आचार संहिता लग जाएगी।
समस्याओं पर भी घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार को स्थानीय मुद्दों पर भी घेरा। कहा, सीधी-सिंगरौली हाईवे को कांग्रेस ने मंजूर कराया था। अब तक नहीं बन सका। ठेकेदारों से एडवांस में कमीशन मांगा जाता है। भू-अर्जन की प्रक्रिया में विस्थापितों का पुनर्वास व उनका मुआवजा अधर है। नौकरी मिल रही है न ठेका। सालों से कंपनियां जमीन अधिग्रहित कर बैठी हैं। विधायक, सांसद व सरकार सब भाजपा की है, लेकिन विस्थापितों को न्याय नहीं मिल रहा है। यह कांग्रेस की पाॅलिसी बदलने का नतीजा है। यहां बढ़ते प्रदूषण की वजह अधिकारियों द्वारा लेन-देन कर मनमानी तरीके से विभिन्न कार्यों की अनुमति देना है।
कांग्रेस की सरकार आई तो जिले में खर्च होगी डीएमएफ
जिला खनिज प्रतिष्ठान यानी डीएमएफ के मामले में बोले कि कांग्रेस की सरकार आई तो फिर से पूरी रकम जिले के विकास में खर्च होगी। कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज ने कांग्रेस द्वारा बनाए गए नियम को बदल कर पूरी रकम भोपाल मंगा ली। इशारे में कहा कि अब लाओ और बजट ले जाओ के तर्ज पर काम चल रहा है। कहा कि केंद्र से लेकर प्रदेश तक की सरकार कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों का श्रेय लेने में जुटी है।