सिंगरौली. मोरवा थाना क्षेत्र के मेढ़ौली छठ घाट वार्ड 9 में शुक्रवार की दोपहर निर्माणाधीन मकान का छत गिरने से दो श्रमिक मलबे में दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक को बाहर निकालकर घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं दूसरा श्रमिक मलबा और सरिया के बीच फंसा था। जिससे उसकी मौत हो गई। घंटों मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक छठ घाट के समीप प्रवीण बंसल के मकान का निर्माण ठेकेदार राजेश वैश्य द्वारा कराया जा रहा था। दूसरी मंजिल की ढलाई हो चुकी थी। जिसकी सेटरिंग निकालने का कार्य चल रहा था। सेटरिंग निकालते समय छत भरभरा कर गिर गया। जिसमें देवधारी सिंह पिता धीर सिंह उम्र 21 वर्ष व राजेंद्र वैश्य पिता मोहनलाल वैश्य उम्र 35 वर्ष निवासी मनिहारी दोनों श्रमिक दब गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तत्काल मोरवा पुलिस को दी। मौके पर थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार दल बल सहित घटना स्थल पर पहुंचे। जहां मलबे में दबे श्रमिकों को बाहर निकालने का कार्य शुरू हुआ।
कुछ ही देर में मलबे में दबे देवधारी सिंह को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जबकि राजेन्द्र वैश्य लोहे की सरिया के बीच में फंसा था और उस पर मलबे का ढेर पड़ा था। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि राजेंद्र वैश्य का शव निकालने के लिए करीब चार घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। रेस्क्यू में सरिया काटकर शव को बाहर निकाला गया। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक बताया गया कि उसकी मौत घटना के कुछ ही देर बाद हो गई थी। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।