
gun factory operate in singrauli
सिंगरौली. पॉवर हब के नाम से विख्यात सिंगरौली में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि ऊर्जाधानी को वह अवैध असहलों के निर्माण का हब बनाने पर तुले हैं। यह बात और है कि मोरवा थाने की पुलिस की कार्रवाई ने उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया है। कार्रवाई में हुए खुलासे से खुद पुलिस महकमे के अधिकारी भी भौचक हैं। जी, हां आपको भी यह जानकार हैरानी होगी कि यहां देसी कट्टा बनाने का कारोबार पिछले छह महीनों से चल रहा है। इसकी सूचना जब पुलिस को हुई तब पुलिस के भी होश उड़ गए।
मंगलवार की देर रात मोरवा टीआई नरेन्द्र सिंह रघुवंशी ने दलबल के साथ कनुहड़ गांव में कट्टा बनाने के कारखाना पर दबिश दी। जहां से आधा दर्जन देसी कट्टा सहित कट्टा बनाने की ढेरों सामग्री बरामद किया। साथ ही पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार की दोपहर एसपी रियाज इकबाल व एएसपी प्रदीप शेन्डे ने उक्त मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में किया।
खुलासा के दौरान एसपी ने बताया कि मोरवा थाना क्षेत्र के कनुहड़ गांव में बीते छह महीने से देसी कट्टा बनाने का कारखाना चल रहा था। यह एरिया शहर से हटकर ग्रामीण अंचल में आता है। मुखबिरों ने इसकी सूचना मोरवा टीआई को दिया था। जिसके बाद टीआई ने अवैध फैक्ट्री की रेकी करना शुरू कर दिया। आखिर सफलता हाथ लग गई। पुलिस ने मंगलवार की देर रात कनुहड़ गांव में कारखाना के समीप घेराबंदी कर रेड कार्रवाई करते हुए आरोपी दलाले उर्फ सूबेलाल बैगा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आधा दर्जन देसी कट्टा सहित उसकी ढेरों सामग्री बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई एसडीओपी मोरवा डॉ. कृपाशंकर द्विवेदी के मार्गदर्शन में टीआई मोरवा की गठित टीम में एसआई मुकेश झारिया, एएसआई विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक राजवर्धन सिंह, आरक्षक केशव सिंह, राहुल सिंह, विष्णु रावत शामिल रहे।
कट्टा बनाने की ये सामग्रियां हुई बरामद
पुलिस की दबिश देने के बाद देसी कट्टा बनाने की कारखाना से 5 नग 12 बोर का देसी कट्टा सहित छोटी पॉलीथीन में 8 नग 12 बोर का जिंदा कारतूस, हथियार बनाने के उपयोग में लाई जाने वाली लोहे की 6 नग पाइप, लकड़ी का 7 नग मु_ी, पिन सेफ्टी 7 नग, अन्द की पत्ती 7 नग, ग्रिफ की लकड़ी का फ्रेम, 7 नग पेचकस, हथौड़ी, रेती, छेनी, हैण्ड ग्लोबर मशीन, हेक्सा ब्लेड, सन्सी छेनी, लोहे का कटर सहित अन्य सामग्रियां बरामद हुईं। वहीं आरोपी से पूछताछ करते हुए पुलिस ने मेमोरेंडम कथन लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस की पूछताछ में आरोपी दलाले उर्फ सूबेलाल बैगा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया है कि देसी कट्टा अभी तक में तीन लोगोंं ने खरीदा है। जिसमें रघुनाथ कोल पिता देवान कोल निवासी खिरवां, पप्पू बैगा पिता बलराम बैगा निवासी झिंगुरदा बस्ती, रामलल्लू बैगा पिता भदई बैगा निवासी बछनार शामिल हैं। ये तीनों कारखाना से देसी कट्टा पांच-पांच हजार रुपए में खरीदकर ले गए हैं। पुलिस ने खरीदने वाले आरोपियों के खिलाफ भी आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में दलाले बैगा से कट्टा खरीदना स्वीकार किया।
पहली बार प्रकाश में आया ऐसा मामला
जिले में अवैध असलहा बनाने का कारखाना संचालित होने जैसा मामला पहली बार प्रकाश में आया है। पुलिस अधिकारियों की माने तो पिछले कई वर्षों से अवैध असलहा के कारखाने जैसा कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। एसपी के मुताबिक इस खुलासे के बाद पुलिस और चौकन्ना रहेगी। इसके बावत सभी अधीनस्थ अधिकारियों को थानों की पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अपराधी इस तरह की गतिविधि का किसी भी स्थिति में संचालन नहीं कर सकें।
Published on:
18 Oct 2018 12:36 pm
बड़ी खबरें
View Allसिंगरौली
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
