2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिरोही जिले में शाम को इंटरनेट सेवा बहाल, अटके काम चालू

देर रात एकत्र हुए व्यापारी, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर जताया रोष ...

2 min read
Google source verification
sirohi

sirohi

सिरोही. सुप्रीम कोर्ट की ओर से एससी/एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में दलित संगठनों की ओर से बंद के दौरान माहौल खराब होने से बचाने के लिए संभागीय आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को दिनभर इंटरनेट सेवाएं बंद रहीं। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि शाम करीब सात बजे सेवाएं बहाल कर दी गईं। व्यवस्था से सिरोही को मुक्त कर दिया है।
उधर, दिनभर इंटरनेट सेवा बंद रहने से लोग परेशान रहे। जिले में ऐसे कई पेट्रोल पम्प एवं मेडिकल स्टोर हैं, जहां एटीएम का उपयोग होता है लेकिन नेट नहीं होने के कारण बंद रहे। ज्यादा दिक्कत उन लोगों को हुई जो बल्क एसएमएस, ट्विटर, अन्य सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं। शाम को इंटरनेट चालू होने पर लोगों ने राहत महसूस की। अटके काम चालू हो गए। रोडवेज बस स्टैण्ड पर गुजरात तथा महाराष्ट्र से आए लोगों ने मोबाइल देखा तो नेट नहीं था।यात्रियों को असुविधा हुई।

इस बीच, शहर में जबरदस्ती दुकानें बंद करवाने को लेकर व्यापारियों ने भी रिपोर्ट दी है। व्यापारियों ने पुलिस उप अधीक्षक भवानीसिंह को बताया कि बाजार बंद को लेकर सहयोग के बाद भी मारपीट की तथा सामान फेंक दिया। इससे दुकानदारों को नुकसान हुआ। व्यापारियों ने दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस के प्रति रोष जताया। कहा कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाए। इस दौरान व्यापार संघ अध्यक्ष हंजारीमल छीपा, सुरेश सगरवंशी, कैलाश कंसारा, गोविंद कुमार, खेताराम माली, दिलीप खण्डेलवाल आदि मौजूद थे।

मामला दर्ज
घायल युवक के मामले में १३ लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया गया। जांच अधिकारी मंछाराम के अनुसार टांकरिया निवासी जयेश कंसारा ने बताया कि राजमाता धर्मशाला मार्ग स्थित दुकान में बैठा था। इस दौरान आक्रोश रैली में शामिल लोगों के कहने पर दुकान बंद करने लगा। इस दौरान जोगाराम मेघवाल, रामलाल मेघवाल, शंकरलाल मेघवाल, पदमाराम मेघवाल, शैतान, मदनलाल, देवेन्द्र, डूंगाराम, जितेन्द्र खत्री, गणेश, मफतलाल, भीमाराम चुण्डावत एवं दिनेश कुमार दुुकान में घुसे। तभी जितेन्द्र खत्री ने उसके सिर पर वार कर दिया जिससे वह घायल हुआ। लोगों ने काउंटर से ढाई हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, शहर में एससी/एसटी के लोगों की ओर से भी मामला दर्ज करवाने की चर्चा चलती रही, लेकिन कोतवाली में सब इंस्पेक्टर मोहनलाल ने बताया कि लोग आए तो थे लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई।

निष्पक्ष जांच की मांग
मेघवाल समाज विकास संस्थान बाइस परगना के महामंत्री शंकरलाल गोयल ने विज्ञप्ति जारी कर लाठीचार्ज एवं समाज के लोगों पर झूठे मामले दर्ज करने की निंदा की है।

उप अधीक्षक पर पद के दुरुपयोग का आरोप
डॉ. अम्बेडकर सेवा समिति की ओर से मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर पुलिस उप अधीक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि सोमवार को शांतिपूर्वक रैली निकाली जा रही थी। आरोप है कि उप अधीक्षक ने रैली को विफल करने के लिए लाठीचार्ज करवाया। इससे कई लोग घायल हुए। इसमें विष्णु कुमार मेघवाल की स्थिति गंभीर होने पर पालनपुर में भर्ती करवाया गया।उन्होंने मांग की उप अधीक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं की तो १४ अप्रेल को संविधान निर्माता दिवस पर धरना, बंद का आह्वान, भूख हड़ताल, क्रमिक अनशन किया जाएगा।इस दौरान जिला महामंत्री रामलाल परिहार, पूर्व पार्षद मोहनलाल मेघवाल, पार्षद जितेन्द्र खत्री, भील समाज के तलसाराम भील, मिश्रीलाल चौहान, पार्षद मगनलाल मीणा, गोपीलाल, शैतानराम एवं डूंगाराम आदि मौजूद थे।

Story Loader