
जावाल में सडक़ पर धरना देते लोग।
सिरोही. विधवा व उसके पुत्र की हत्या के मामले को लेकर शनिवार को जावाल में एक बार फिर से माहौल गरमा गया। दरअसल, भगवा स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश नौरवा शनिवार सवेरे पीडि़त परिवार को सांत्वना देने के लिए जावाल पहुंचे। इस दौरान पुलिस जाप्ता ने नौरवा को पीडि़त परिवार के घर से जबरन हिरासत में ले लिया। ऐसे में घर की महिलाएं और लोग बीच-बचाव में उतर आए। जिस पर पुलिस ने महिलाओं व लोगों पर सख्ती दिखा दी। ऐसे में पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही ग्रामीण चौहटे पर एकत्रित हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस पर पीडि़त परिवार की महिलाओं व लोगों पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाते हुए जालोर-सिरोही रोड पर जाम लगा दिया। वहीं सिरोही पुलिस उप अधीक्षक भवानीसिंह व पुलिस निरीक्षक मनोज राणा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर अतिरिक्त जिला कलक्टर जवाहर चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्नालाल मीणा, एसडीएम नाथूसिंह मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश का प्रयास किया, लेकिन लोग डीएसपी व सीआई के निलम्बित करने की मांग पर अड़ गए।
गोपालन राज्य मंत्री को भी झेलना पड़ा विरोध
इधर, लोगों के धरना-प्रदर्शन की सूचना के बाद दोपहर में गोपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने राज्य मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान राज्य मंत्री देवासी ने लोगों से समझाइश का प्रयास किया, लेकिन लोग मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद गांव के अटल सेवा केन्द्र में राज्य मंत्री देवासी, अधिकारियों व ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल के बीच वार्ताहुई। जिसमें ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल ने बिना किसी आधार के पीडि़त परिवार के घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले डीएसपी, सीआईसहित अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। लेकिन देर शाम तक कोईसहमति नहीं बन पाई।
आहोर विधायक और कलक्टर-एसपी भी पहुंचे
देर शाम को आहोर (जालोर) विधायक शंकरसिंह राजपुरोहित, जिला कलक्टर संदेश नायक, पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद अटल सेवा केन्द्र में गोपालन राज्य मंत्री देवासी की मौजूदगी में ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल के साथ वार्ता हुई। जिसमें पुलिस उप अधीक्षक का कार्यभार किसी दूसरे अधिकारी को सौंपने व सीआई को स्थानान्तरित करने की बात पर सहमति बनी। वहीं रोड जाम को लेकर दर्ज प्रकरण में निर्दोष लोगों को नहीं फंसाने सहित कईबिन्दुओं पर सहमति हुई। इस मौके भाजपा जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चौधरी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हेमंत पुरोहित, भगवा स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश नौरवा, संत कल्याणगिरि, हरिसिंह, रमेश टेलर, कांतिलाल, छगन घांची, पूर्वसरपंच रामवीरसिंह, तुलसी भाई पुरोहित, मनोज पुरोहित, कैलाश टेलर, प्रताप प्रेरक आदि मौजूद थे।
दिनभर बंद रहा रास्ता, शाम को धरना समाप्त
विरोध-प्रदर्शन के चलते जालोर-सिरोही रोड दिनभर बंद रहा। ऐसे में जालोर व सिरोही की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम को समझौता वार्ता के बाद सहमति बनने पर गोपालन राज्य मंत्री देवासी, आहोर विधायक राजपुरोहित ने ग्रामीणों से समझाइश की। इसके बाद लोगों ने रास्ता जाम व धरना हटा दिया।
महिलाएं भी बैठी धरने पर
पुलिस की ओर से घर में घुस अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए लोगों के साथ-साथ पीडि़त परिवार की महिलाएं भी दिनभर धरने पर बैठी रही।
छपरे में लगा दी आग
समझौता वार्ता के दौरान काफी देर तक कोईसहमति नहीं बनने पर कुछ लोग विरोध जताते हुए अटल सेवा केन्द्र से मुख्य रोड पर आ गए। इस दौरान भीड़ में से किसी ने जालोर रोड पर केबिन के पास प्रकाश कुमार घांची के छपरे में आग लगा दी। इस दौरान पुलिस टीम ने लोगों को मौके से खदेड़ा। वहीं दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया।
सिरोही में रोका यातायात
जावाल में रास्ता जाम की सूचना के बाद दोपहर में जालोर की ओर जाने वाले यातायात को गोयली चौराहा पर ही रोक दिया। यहां भी दिनभर पुलिस टीम तैनात रही।
चप्पे-चप्पे रही पुलिस तैनात
जावाल में ग्रामीणों के विरोध की सूचना के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहे। रेवदर डीएसपी देवाराम चौधरी, सुमेरपुर डीएसपी अमरसिंह, सिरोही कोतवाली थाना प्रभारी आनंद कुमार, पिण्डवाड़ा थाना प्रभारी दलपतसिंह, बरलूट थाना प्रभारी बाबूलाल राणा सहित आस-पास के थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस व आरएसी का पर्याप्त जाप्ता तैनात रहा।
पूर्व विधायक लोढ़ा भी पहुंचे
ग्रामीणों के धरना-प्रदर्शन को लेकर देर शाम को पूर्व विधायक संयम लोढ़ा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई को लेकर रोष जताया।
इनका कहना है...
ग्रामीणों से वार्ता कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाइश की गई। डीएसपी व सीआई को हटाने की मांग पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
-ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक, सिरोही
Published on:
07 Jan 2018 11:32 am
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
