15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विधवा व उसके पुत्र की हत्या का मामला- जावाल में रास्ता जाम को लेकर बरलूट थाना पुलिस ने प्रकरण किया दर्ज

-जावाल में रास्ता जाम करने के प्रकरण में दो गिरफ्तार

2 min read
Google source verification
sirohi

घटना को लेकर सिरोही रहा बंद

सिरोही. विधवा विमला देवी व उसके पुत्र आकाश की हत्या के मामले को लेकर विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल के आह्वान पर शुक्रवार को सिरोही का बाजार बंद रहा। इधर, धारा-१४४ के तहत निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने बजरंग दल के प्रदेश संयोजक सहित विभिन्न संगठनों के चार पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया। दरअसल, दोहरे हत्याकांड में मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से सिरोही बंद के आह्वान को लेकर पदाधिकारी व कार्यकर्ता सरजावाव दरवाजा के पास एकत्रित हुए। इसके बाद बाजार में बंद करवाने पहुंचे। हालांकि, आह्वान के चलते अधिकांश दुकानें बंद थीं, लेकिन कुछ दुकानें खुली होने से समर्थक जबरन बंद कराने लगे। ऐसे में पुलिस ने समझाइश का प्रयास किया लेकिन संगठनों के पदाधिकारी मांगों पर अड़े रहे।

समझाइश पर अधिकारियों से उलझे
पुलिस ने बताया कि शहर में निषेधाज्ञा लागू थी। ऐसे में बिना अनुमति माइक बजाने व एकत्रित होकर जबरन बाजार बंद कराने पर बजरंग दल प्रदेश संयोजक इन्द्रजीतसिंह राजपुरोहित, विश्व हिन्दू परिषद जिला मंत्री कन्हैयालाल पुरोहित, संघ सम्बंधित एकल विद्या का दायित्व रेवाशंकर रावल व बजरंग दल जिला संयोजक शिवलाल सुथार को गिरफ्तार किया। बाजार बंद कराने के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संगठनों के पदाधिकारियों से समझाइश का प्रयास किया लेकिन पुलिस व पदाधिकारियों के बीच तकरार हो गई।

पुलिस की माकूल व्यवस्था
पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के माकूल बंदोबस्त किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्नालाल, डीएसपी भवानीसिंह, कोतवाली थाना प्रभारी आनंद कुमार, शिवगंज थाना प्रभारी बुद्धाराम बिश्नोई सहित आस-पास के थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पर्याप्त जाप्ता तैनात रहा। पुलिस की ओर शहर के प्रमुख मार्गों व मुख्य बाजार में गश्त जारी रही।

एसपी का ऑडियो वायरल, पूर्व विधायक पर टिप्पणी
इधर, दोहरे हत्याकांड के बाद लोगों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश और एक व्यक्ति के बीच बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें एसपी की ओर से पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को मानसिक संतुलन खोने वाला व्यक्ति बताया गया। दरअसल, गौ रक्षा कमांडो फोर्स के दिल्ली से सुरेन्द्रसिंह राजपुरोहित ने पुलिस अधीक्षक को फोन किया। इसमें एसपी की ओर से पूर्व विधायक पर अपमानजनक टिप्पणी की गई। हालांकि, पुलिस अधीक्षक का कहना है कि उनकी सुरेन्द्रसिंह नामक व्यक्ति से कोई बात नहीं हुई। ऑडियो किस तरह और कहां से वायरल हुआ, इसकी मुझे फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।

लोढ़ा बोले-भाजपा कर रही अधिकारियों का राजनीतिक उपयोग
इधर, इस तरह का ऑडियो सोशिया मीडिया पर वायरल होने के बाद पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि भाजपा पिछले दो साल में पांच उप चुनाव हार चुकी है। ऐसे में भाजपा की ओर से अब अधिकारियों का राजनीतिक रूप से उपयोग किया जा रहा है।

५० के खिलाफ मामला दर्ज
बरलूट थाना पुलिस ने जावाल में जालोर-सिरोही रोड पर जाम लगाने वाले लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि सियाणा निवासी महेन्द्र कुमार पुरोहित, जामोतरा निवासी जगदीश पुरोहित, मंडवारिया निवासी ईश्वर पुरोहित व जावाल निवासी तुलसीराम पुरोहित सहित करीब ५० अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इधर, पुलिस ने शुक्रवार को रोड जाम प्रकरण में तुलसीराम पुरोहित व जगदीश पुरोहित को गिरफ्तार किया। प्रकरण में गुरुवार को जावाल गांव बंद रखा गया था। वहीं शुक्रवार को सिरोही तहसील बंद का आह्वान किया।