
पोसालिया/सिरोही। शिवगंज थाना क्षेत्र के खंदरा गांव में लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने ख्यातनाम दिवंगत संत पोमजी महाराज की पत्नी वृद्धा संतुबाई की गला दबाकर हत्या कर दी और सोने चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। वृद्धा घर में अकेली सो रही थी, इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। इधर, दिवंगत संत पोमजी महाराज की पत्नी की हत्या की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
सोमवार सुबह उनके पुत्र रामनाथ महाराज संभालने आए तो वारदात का पता चला। सूचना पर सिरोही पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, एएसपी प्रभुदयाल, शिवगंज डीएसपी भवानी सिंह इन्दा, शिवगंज थानाधिकारी बाबुलाल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर जांच शुरू की। फोरेंसिक अधिकारियों के साथ ही एमओबी टीम, उदयपुर से एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉयड को भी मौके पर बुलाया। मगर काफी प्रयासों के बाद भी पुलिस को लुटेरों का सुराग नहीं मिला है।
दरवाजा नहीं खोला तो वारदात का पता चला
मृतका के पुत्र प्रहलाद राम उर्फ महंत रामनाथ महाराज ने पुलिस को बताया कि वह रविवार की शाम करीब सात बजे अपनी माताजी संतु बाई को हमेशा की तरह पुराने आवास पर छोड़कर रामदेव मंदिर आश्रम चला गया था। सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे अपनी मां को संभालने के लिए आया तो मुख्य दरवाजा खटखटाने पर नहीं खुला।
इस पर उन्होंने अपने चालक को दीवार फांदकर अंदर भेजा। उसने भीतर से दरवाजा खोला। घर के भीतर जाने पर पता चला कि केलूपोश के ढालिए में संतुबाई खाट पर रजाई ओढे हुए मृत हालत में पड़ी थी तथा उनके पहने गहने गायब थे। ऐसे में लूट की नीयत से वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस टीमें गठित, संदिग्धों पर नजर...
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस जांच में कुछ संदिग्ध नजर आए हैं, उनको उठाने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई है। शीघ्र हत्या का खुलासा किया जाएगा।
प्रभूदयाल धानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सिरोही
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक व एमओबी टीम ने आवश्यक अनुसंधान किया है। परिजनों से समझाइश के बाद परिजन शव उठाने को राजी हो गए है। पुलिस शीघ्र हत्याकांड का राजफाश करेगी।
भवानीसिंह इंदा, उप अधीक्षक शिवगंज
Published on:
09 Apr 2024 03:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
