
माउंट आबू में सर्दी से छूटी धूजणी, न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री
पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में सोमवार को भी न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सवेरे हाड़ कंपाऊ ठंड के चलते लोग देर तक रजाइयों में ही दुबके रहे। सवेरे उगते सूरज की धूप सेंकने को लेकर लोगों का अपने घरों की छतों, सडक़ों के किनारे जमावड़ा लगा रहा।
रात को खुले में पार्किंग किए गए वाहनों की छतों, खेतों में खड़ी फसलों, मैदानों, जलाशयों के किनारों, सोलर प्लेटों आदि पर रात को पड़ी ओंस सवेरे बर्फ की परत में तब्दील नजर आई। तापमान के लुढकऩे से सवेरे सर्दी के तेवर तीखे रहे। लोग सर्दी से बचने की जुगत में भारी भरकम ऊनी लबादों का सहारा लेने के साथ ही अलाव तापते नजर आए। पहाडिय़ों में सवेरे कोहरा छाया रहा, जो दिन चढऩे के बाद धीरे-धीरे नदारद होता गया।
अधिकतम तापमान में 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सवेरे-शाम शीत लहर चलती रही। वहीं पर्यटन यात्रा पर आए सैलानियों ने दांत किटकिटा देने वाली सर्दी से बचने के लिए गर्म ऊनी कपड़ों का सहारा लेकर ही दर्शनीयस्थलों के अवलोकन करने का रूख किया। ठंड के प्रकोप से दैनिक गतिविधियां दिन चढऩे के बाद ही आरंभ हुई। सैलानियों ने सर्द मौसम के बीच सडक़ों, बाजारों में चहलकदमी करते हुए आबू की हसीन वादियों के सौंदर्य को कैमरे में कैद करते हुए पर्यटन यात्रा को यादगार बनाया। दिन में निकली अच्छी धूप को सेंकने का लोगों ने आनंद लिया। बार-बार तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते मौसमी व्याधियों से भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
छह दिसम्बर से आरंभ हुआ तापमान गिरने का सफर
इस सर्दी के सीजन में गत छह दिसम्बर को पहली बार न्यूनतम तापमान (-1) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जिसके चलते अभी तक न्यूनतम तापमान पांच बार जमाव बिन्दू पर रहा। चार बार (-1) डिग्री सेल्सियस, एक बार एक डिग्री, दो बार 1.5 डिग्री व एक बार दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ऐसे शुरू हुआ तापमान गिरने का क्रम
दिनांक न्यूनतम अधिकतम
06 (-1) 22
07 1.5 21
08 0 21
09 0 22
10 1 22.5
11 0 23
12 (-1) 23
13 0 22.5
14 0 22.5
15 1.5 22
16 2 22
17 (-1) 22.5
Published on:
18 Dec 2023 04:07 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
