
सीतापुर. सीतापुर के महोली आए सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव ने भाजपा नेताओं पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी के लोग डकैतों को संरक्षण दे रहे हैं। दरअसल बीते कुछ दिनों में लगातार चार डकैती की घटनाओं ने राजधानी लखनऊ में हड़कंप मचा दिया है। जिसको लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी के नेताओं पर डकैतों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
अखिलेश ने कहा कि काकोरी में जब मैं गया तो वहां लोगों ने बताया कि डकैतों ने उनसे जाते वक्त कहा कि अगर पुलिस को जानकारी दोगे तो दोबारा फिर से आएंगे और मार डालेंगे। वहीं मलिहाबाद और चिनहट में भी डकैतों ने घर के लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट की और कुछ लोगों की विरोध करने पर हत्या भी कर दी। ऐसे में सवाल यह है कि कहीं यह सब बीजेपी की साजिश तो नहीं है। अखिलेश बोले कि कहीं बीजेपी के लोगों के संरक्षण में ही तो डकैत डकैती नहीं डाल रहे क्योंकि वह पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।
लखनऊ को बना दिया चंबल
पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार ने लखनऊ को चंबल बना दिया है। डकैत तो चंबल में हुआ करते थे ये लखनऊ में कैसे आ गए? अखिलेश यहीं तक नहीं रुके और उन्होंने कहा कि पहले बीजेपी वाले सपाइयों पर आरोप लगाते थे लेकिन अब उनके नेताओं पर ही कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किये जाने के आरोप लग रहे हैं।