10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sitapur में खून की वारदात! लाइसेंसी रिवाल्वर से टेक्नीशियन की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार

Sitapur में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से लैब टेक्नीशियन की गोली मारकर हत्या कर दी, आरोपी पुलिस हिरासत में।

3 min read
Google source verification
सीतापुर में मर्डर से हड़कंप (Source: Police Media Cell)

सीतापुर में मर्डर से हड़कंप (Source: Police Media Cell)

Sitapur Murder: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे ने मामूली विवाद के बाद लैब टेक्नीशियन की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना गुरुवार देर रात करीब 2 बजे कोतवाली देहात क्षेत्र के नैपालापुर इलाके में हुई, जिसने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना दिया है।

कैसे हुआ वारदात का पूरा घटनाक्रम

मिली जानकारी के अनुसार, नैपालापुर में रिटायर्ड हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार सिंह का दो मंजिला मकान है। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर एक ब्लड बैंक और लैब संचालित होती है, जिसकी देखरेख उनका बेटा शिवेश सिंह (40) करता था। पहली मंजिल पर परिवार रहता है, जबकि कुछ कमरों में लैब के कर्मचारी भी रहते थे।

लैब में आजमगढ़ निवासी सतीश यादव (35) बतौर लैब टेक्नीशियन कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात किसी बात को लेकर शिवेश और सतीश के बीच विवाद हो गया। यह बहस धीरे-धीरे तीखी नोकझोंक में बदल गई। गुस्से में आकर शिवेश अपने पिता के कमरे में गया, जहां से उसने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली। इसके बाद वह वापस लौटा और सतीश के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सतीश मौके पर ही गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए।

गोली की आवाज से मचा हड़कंप

रात के सन्नाटे में अचानक चली गोली की आवाज से घर और आसपास के लोग जाग गए। जब लोग मौके पर पहुंचे तो सतीश यादव जमीन पर पड़े तड़प रहे थे। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिवेश सिंह को हिरासत में ले लिया।

 आत्महत्या समझी गई थी घटना, जांच में खुला राज

शुरुआत में पुलिस को सूचना मिली थी कि लैब टेक्नीशियन ने आत्महत्या कर ली है। लेकिन जब पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो मामला हत्या का निकला। सीओ सदर नेहा त्रिपाठी के अनुसार, जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सतीश यादव की हत्या की गई है और आरोपी शिवेश सिंह ही इसका जिम्मेदार है।

आरोपी की मानसिक स्थिति पर उठे सवाल

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शिवेश सिंह मानसिक रूप से बीमार है। बताया जा रहा है कि वह बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित है, जिसमें व्यक्ति का मूड अचानक बदलता है और गुस्से पर नियंत्रण रखना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

लखनऊ से नौकरी छोड़कर आया था मृतक

मृतक सतीश यादव हाल ही में लखनऊ के एक अस्पताल की नौकरी छोड़कर सीतापुर आया था। वह पिछले करीब दो महीनों से इस लैब में काम कर रहा था और पहली मंजिल पर अन्य कर्मचारियों के साथ रह रहा था। उसके परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।

पुलिस ने जब्त की लाइसेंसी रिवाल्वर

प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और लैब को फिलहाल सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में दहशत, लोगों में आक्रोश

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस बात से हैरान हैं कि एक मामूली विवाद इतना भयावह रूप ले सकता है। वहीं, यह सवाल भी उठ रहे हैं कि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के पास हथियार की पहुंच कैसे हुई।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

पुलिस अब इस मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। साथ ही, आरोपी की मानसिक स्थिति की मेडिकल जांच भी कराई जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।