
सीतापुर. जनपद में एक निजी बस के अंदर एक महिला यात्री के साथ बस के कंडक्टर और चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुराचार भी किया। महिला के विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। महिला के शोर मचाने पर चालक व कंडक्टर मौके से भाग निकले, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मायके से ससुराल जा रही थी महिला
घटना कोतवाली लहरपुर के ग्राम विजेसेपुर निवासी एक महिला खैराबाद स्थित अपने मायके से पति के साथ वापस जा रही थी। रास्ते में थाना तालगांव क्षेत्र के कसरैला में उसके पति ने महिला को बच्चे के साथ लहरपुर जा रही बस में बैठा दिया। लहरपुर में सवारियां उतारने के बाद चालक व कंडक्टर ने महिला को अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके बाद दुष्कर्म किया। महिला ने शोर मचा कर किसी तरह अपने को बचाकर वहां से निकली और रास्ते में साइकिल से आ रहे पति को घटना की जानकारी दी।
दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज करने की मांग
जिसके बाद दोनों ने थाने पहुंच कर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज करके आरोपी बस चालक व कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है व बस को भी सीज कर दिया गया है। पीड़िता ने एएसपी से भी मिलकर दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की है।