29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

JJP ने घोषित किए हरियाणा, दिल्ली, यूपी के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व डॉ. केसी बांगड़ को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया

2 min read
Google source verification
Jan nayak party

Jan nayak party ने पदाधिकारी घोषित कर दिए हैं।

सोनीपत/चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी ने संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहली सूची में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 12 पदाधिकारियों और तीन प्रदेशाध्यक्षों के नामों की घोषणा की है। पार्टी ने हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व डॉ. केसी बांगड़ को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। 2014 में हिसार लोकसभा सीट से चुनकर देश के सबसे युवा सांसद रहे और अक्तुबर 2019 में हरियाणा के उपमुख्यमंत्री बने दुष्यंत चौटाला को संगठन ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही जेजेपी ने हरियाणा, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रदेशाध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की है। याद रहे कि जेजेपी इस समय हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार चला रही है।

तीन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष

वरिष्ठ नेता सरदार निशान सिंह को पार्टी ने फिर से हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी है। टोहाना से विधायक रह चुके सरदार निशान सिंह को संगठन चलाने का खासा अनुभव है। सरदार निशान सिंह गठन के समय से ही जेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं और उन्हीं की अध्यक्षता में पार्टी अपने गठन के पहले ही वर्ष में सरकार की हिस्सेदार बनी है। सीनियर नेता ओमप्रकाश सहरावत दिल्ली के प्रदेशाध्यक्ष होंगे। आगरा निवासी चौधरी मोहिंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

पार्टी द्वारा जारी की गई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की सूची में गुड़गांव निवासी अनंतराम तंवर को फिर से पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोषित किया है। अनंतराम तंवर इनेलो छोड़कर जेजेपी में आने वाले प्रथम कतार के नेता हैं। गुहला से विधायक ईश्वर सिंह को भी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ईश्वर सिंह 1977 में पहली बार विधायक बने थे और 2008 से 2014 तक राज्यसभा सांसद रहे। वरिष्ठ नेता ईश्वर सिंह राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग के सदस्य रहे हैं और अध्यक्ष का काम भी देख चुके हैं। पार्टी के सोनीपत से वरिष्ठ नेता तेलूराम जोगी, महेंद्रगढ़ से राव कंवर सिंह कलवाड़ी, पानीपत से बहन फूलवती, पानीपत से जेजेपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान तथा पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को जेजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

क्या है विशेषता

बहन फूलवती इनेलो की महिला प्रदेश अध्यक्ष रही हैं और समालखा से चुनाव लड़ चुकी हैं। तेलू राम जोगी इनेलो में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ट के प्रधान रहे और समाज के बड़े नेता हैं। राव कंवर सिंह 1996 में महेंद्रगढ़ सीट से लोकसभा चुनाव और 2005 में महेंद्रगढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। पानीपत निवासी सतबीर सिंह कादयान 1987, 1991 और 2000 में नौल्था से विधायक रहे हैं और 2 साल तक इफको के चेयरमैन भी रहे हैं। सतपाल सांगवान 2009 में दादरी से विधायक बनकर हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे और उन्होंने 2019 में जेजेपी की टिकट पर दादरी से चुनाव भी लड़ा।

राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और सचिव

सिरसा से जेजेपी के वरिष्ठ नेता राधेश्याम शर्मा को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव बनाया गया है। सिरसा से दो बार पार्षद रहे राधेश्याम शर्मा डा. अजय सिंह चौटाला परिवार के करीबी रहे हैं और उन्हें संगठन में काम करने का खासा अनुभव है। पार्टी ने हिसार निवासी राजेंद्र लितानी को राष्ट्रीय संगठन सचिव की जिम्मेवारी सौंपी है। इससे पहले राजेंद्र लितानी ने प्रदेश संगठन सचिव के तौर पर काम किया है और हिसार के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं। विधायक नैना सिंह चौटाला की 50 से ज्यादा हरी चुनरी चौपालों के आयोजन में राजेंद्र लितानी ने संयोजक के तौर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। गुड़गांव निवासी दलबीर सिंह धनखड़ को पार्टी का राष्ट्रीय प्रचार सचिव बनाया है। दलबीर धनखड़ कई वर्षों से जेजेपी के प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर टीवी पर होने वाली बहस में पार्टी का पक्ष रखते रहे हैं।