
Ashok Gehlot : कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत। फोटो पत्रिका
Ashok Gehlot : कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने राजस्थान के गंगानगर और हनुमानगढ़ सहित प्रदेशभर के किसानों के पक्ष में राज्य सरकार से गेहूं खरीद की अंतिम तिथि और खरीद लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है। अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट x पर लिखा कि राजस्थान के जिले गंगानगर और हनुमानगढ़ सहित प्रदेशभर में गेहूं खरीद को लेकर किसानों का आक्रोश सरकार की अदूरदर्शिता का नतीजा है। हमेशा 30 जून तक होने वाली खरीद को इस बार पहले 31 मई और अब केवल 19 जून तक सीमित करने से हजारों पंजीकृत किसान अपनी बारी के इंतजार में सड़कों पर बैठे हैं। बारदाने की किल्लत और सुस्त उठाव के बीच ऊपर से बेमौसम बारिश का खतरा मंडरा रहा है, जिससे खुले में पड़ा लाखों क्विंटल अनाज भीगकर बर्बाद होने और नमी के कारण रिजेक्ट होने की कगार पर है।
अशोक गहलोत ने आगे लिखा कि खरीद की समय सीमा नजदीक आ रही है, ऐसे में अगर तुरंत तारीख नहीं बढ़ाई गई तो अन्नदाता को अपनी फसल औने-पौने दामों पर बिचौलियों को बेचनी पड़ेगी। मेरी राज्य सरकार से मांग है कि खरीद की अंतिम तिथि को हर बार की तरह तुरंत बढ़ाकर 30 जून किया जाए, खरीद का लक्ष्य बढ़ाया जाए और मंडियों से गेहूं का उठाव तेज कर किसानों को राहत दी जाए।
राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में रबी सीजन में गेहूं की बंपर पैदावार हुई है। इस बार श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में गेहूं उत्पादन करीब 25.25 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। किसानों को बोनस सहित 2,735 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। श्रीगंगानगर जिले में इस बार एमएसपी पर गेहूं बेचने के लिए 89,332 किसानों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है।
राज्य सरकार ने श्रीगंगानगर का खरीद लक्ष्य बढ़ाकर 6.70 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। पड़ोसी हनुमानगढ़ जिले का लक्ष्य 8.96 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। दोनों जिलों को मिलाकर श्रीगंगानगर मंडल का कुल खरीद लक्ष्य 15.66 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया है,जो प्रदेश की कुल सरकारी खरीद का बड़ा हिस्सा है।
किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाले, रेलवे ट्रैक रोके और जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए। अखिल भारतीय किसान सभा, भारतीय किसान यूनियन समेत संगठनों ने लक्ष्य बढ़ाने, खरीद अवधि 30 जून तक बढ़ाने और पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने की मांग की।
श्रीगंगानगर का नया खरीद लक्ष्य : 6.70 लाख मीट्रिक टन
खरीद की अंतिम तिथि : 12 जून
पंजीकृत किसान : 89,332
अब तक खरीद पूरी : 59,062 किसान
प्रतीक्षारत किसान : 30,270
हनुमानगढ़ का खरीद लक्ष्य : 8.96 लाख मीट्रिक टन
श्रीगंगानगर मंडल का कुल लक्ष्य : 15.66 लाख मीट्रिक टन
किसानों को भुगतान : 2,735 रुपए प्रति क्विंटल (बोनस सहित)।
पंजीकृत किसान : 4,84,694
जिन किसानों से खरीद हो चुकी : 2,99,499
खरीद लक्ष्य : 28.50 लाख मीट्रिक टन
अब तक खरीद : करीब 25 लाख मीट्रिक टन।
Updated on:
15 Jun 2026 01:09 pm
Published on:
15 Jun 2026 01:06 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
