
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कई मुद्दों पर मंथन
अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस, अब हर सप्ताह अधिकारियों को देनी होगी योजनाओं की रिपोर्ट
जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में हुई। जिला कलक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के जल्द समाधान, ई-फाइलों के समय पर निपटारे और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन पर सबसे ज्यादा फोकस किया। कलक्टर ने कहा कि बजट घोषणाओं में देरी कतई बर्दाश्त नहीं होगी। कलक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना, पेंशन सत्यापन, भूमि आवंटन और अनुमतियों के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने मुयमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.2 की डीपीआर को अनुमोदित करने व स्वास्थ्य विभाग को सीएचसी, पीएचसी और उप जिला अस्पतालों के लिए भूमि आवंटन की बात कही। वहीं एमजेएसए में शत-प्रतिशत कार्य शुरू कराने, प्रत्येक दिन कार्य शुरू होने की प्रगति से जिला कलक्टर कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की आईटीआई प्रशिक्षण संस्थानों का निरीक्षण कराने के नोडल अधिकारी नियुक्त कर कार्ययोजना बनाने, खनिज विभाग अवैध खनिज पर प्रभावी कार्यवाही करने, बैठक में अनुपस्थित जिला स्तरीय अधिकारियों को नोटिस जारी करने की बात कही। उन्होंने चिकित्सा विभाग व पीएचईडी विभाग को गर्मी के मौसम के दौरान अलर्ट रहने के निर्देश दिए। नगर परिषद नाले-नालियों की साफ-सफाई समय पर कराने की बात कही। वहीं अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर भावना शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय, लाइट्स पोर्टल और विभिन्न आयोगों से संबंधित प्रकरणों का जल्द समाधान कराने की बात कही।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार, सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, अधीक्षण अभियंता विद्युत अरुण जोशी आदि ने विभाग की योजनाओं के बारे में बताया।
15 जून से आपदा को लेकर कन्ट्रोल रूम शुरू
आगामी बारिश के सीजन को देखते हुए कलक्टर ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। कलक्टर ने 15 जून तक कन्ट्रोल रूम की स्थापना की बात कही। कलक्टर ने जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी के लिए अभी से एक्शन प्लान बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
विद्युत निगम के लिए बजी तालियां
बैठक में कलक्टर ने कहा कि शनिवार को आए तूफान की वजह से बिजली का सिस्टम पूरी ठप हो गया। एक बार लग रहा था कि एसके अस्पताल में भी कैसे सप्लाई शुरू होगी। लेकिन निगम के अभियंताओं ने तत्परता दिखाते हुए एसके अस्पताल की बिजली सबसे पहले शुरू करा दी। उन्होंने कहा कि शहर के ज्यादातर क्षेत्रों में भी रात को सप्लाई शुरू हो सकी। इस पर कलक्टर ने व्यवस्था को सराहा तो अन्य अधिकारियों ने भी तालियां बजाई।
Published on:
27 May 2025 11:06 am

बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
